रायबरेली(हि. स.)। सहकारी बैंक से पचास हजार रुपए निकालकर जा रहे युवक से दिनदहाड़े दो बदमाश रुपए छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने क्षेत्र की नाकेबंदी की, किंतु बदमाशों का पता नहीं चल पाया है।
घटना ऊंचाहार बस स्टॉप स्थित जिला सहकारी बैंक के पास हुई है। गुरुवार को ऊंचाहार निवासी छविनाथ यादव जिला सहकारी बैंक के खाते से पचास हजार रुपए निकाल कर घर जा रहा था। बैंक से चलकर बाइक तक पहुंचा ही था कि दो अज्ञात युवक उसके पास पहुंचे और रुमाल से उसके सामने कुछ छिड़क दिया। युवक जब तक कुछ समझ पाता, उसकी पैंट की जेब में हाथ डालकर रुपयों की गड्डी निकाल ली। युवक के चिल्लाने पर आसपास के लोग जब तक कुछ समझ पाते तब तक दोनों बदमाश बाइक पर सवार होकर चंपत हो गए। कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि प्रार्थना पत्र मिला है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।
ऊंचाहार थानाध्यक्ष संजय त्यागी ने बताया कि बदमाशों की तलाश की जा रही है और उन्हें जल्द पकड़ लिया जाएगा।
रजनीश
