गाजियाबाद (हि.स.)। जिले की इंदिरापुरम थाने की पुलिस ने लूट की घटना को अंजाम देकर भागने वाले दो बदमाशों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। बदमाशों के कब्जे से जिंदा कारतूस, तमंचे, लूटी गई कार एवं अन्य सामान बरामद किए गए हैं।
पुलिस उपायुक्त हिंडन पार शुभम पटेल ने मीडिया को बताया कि विकमेंद्र प्रताप सिंह निवासी 813 सेक्टर 2 बी वसुंधरा दिल्ली एसबीआई में मार्केटिंग मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। वह अपने साथी अमित सैनी को छोड़कर इंडियन बैंक के सामने चौकी क्षेत्र प्रहलादगढ़ी में अपनी कार इको स्पोर्ट में थे। तभी 2 व्यक्ति जिसमे एक के पास पिस्टल थी, आए और पिस्टल दिखाकर जबरन कार में घुस गये और सिर में पिस्टल की बट मारकर कार में बीच में बैठा लिया और खुद ड्राइव करते हुए चलने लगे। जैसे ही उनकी कार अटल चौक के पास पहुंची तो थाना इंदिरापुरम पुलिस चेकिंग कर रही थी। पुलिस की चेकिंग देख कर दोनों बदमाश कार से मोबाइल, पर्स आदि उठा कर भाग गए। उनका अटल चौक पर उपस्थित चौकी प्रभारी प्रहलादगढ़ी ने मय फोर्स के पीछा किया।
पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस पर 03 राउंड फायर किए। इसके जवाब में चौकी प्रभारी प्रहलादगढ़ी ने 01 हवाई फायर किया। इस दौरान पुलिस ने जयपुरिया स्कूल के पास से अभियुक्त आनंद बालमीकि को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा साथी गौरव बाल्मीकि अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। उसको पुलिस ने एलीवेटिड रोड के नीचे झाड़ियों में जिंदा कारतूस और घटना में प्रयक्त हथियार के साथ गिरफ्तार किया। इसके संबंध में आर्म्स एक्ट के अन्तर्गत एक अभियोग पंजीकृत किया गया है। उनके कब्जे से 01 पिस्टल 32 बोर, 02 जिंदा कारतूस, 01 खोका 32 बोर तथा 01 तमंचा 315 बोर, 01 जिंदा कारतूस 315 बोर व लूटी गयी कार, 1200 रुपये व कुछ कागजात आदि बरामद किए गए हैं।
फरमान अली/पवन
