-सपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष की पत्रकार वार्ता
कुशीनगर(हि. स.)। समाजवादी पार्टी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह ने कहा कि आज समाज का हर वर्ग चाहे अगड़ा, पिछड़ा, दलित, शोषित, किसान, वंचित, छात्र, नौजवान, महिला, अल्पसंख्यक, व्यापारी हर वर्ग परेशान है। चारों तरफ महंगाई, भ्रष्टाचार, पुलिस उत्पीड़न, धनउगाही से जनता का बेहाल है। सरकार का कोई भी जनप्रतिनिधि जनता के आंसू पोंछने के लिए आगे नहीं आ रहा है।
सपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह ने मंगलवार को कुशीनगर के एक होटल में वरिष्ठ सपा नेता राजेश प्रताप राव और युवा सपा नेता अक्षय पांडेय के साथ पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोग कांग्रेस,बसपा व भाजपा छोड़कर सपा की सदस्यता ग्रहण कर हैं। इसका प्रमुख कारण महंगाई व बढ़ता अराजकता व भ्रष्टाचार व लूट खसोट है। लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने पर सरकार दमन, अत्याचार व अन्याय कर रही है। सत्यता यह है कि सरकार ने विकास का एक भी कार्य नही कराया। लोगों को धर्म व जाति के नाम लड़ाने का कार्य भाजपा ने किया है। यह सिर्फ और सिर्फ झूठ बोलने वाली पार्टी है। आज भी गांवों व नगरों में सपा सरकार का ही कार्य दिखता है। कुशीनगर का एयरपोर्ट सपा ने बनवाया और प्रधानमंत्री आकर उद्घाटन कर दिए। उड़ान का कोई अता पता नही है। मेट्रो, एक्सप्रेस-वे सरीखे दर्जनों बड़े कार्य सपा ने किया। भाजपा उसका धूल बराबर भी नही कर पाई है।
उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में महिलाओं की पेंशन बंद हो गयी है। सपा सरकार बनने पर दो हजार प्रति माह के हिसाब से महिलाओं को पेंशन दिया जायेगा। सपा की राजनीति में महिलाओं की बड़ी भागीदारी होगी। आने वाला समय सपा का है। निकाय चुनाव से पार्टी का केंद्र तक पहुंचने का रास्ता साफ हो जाएगा। लोकसभा चुनाव में पार्टी बड़ी भूमिका निभाने को तैयार है।
गोपाल
