Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबेसिक शिक्षा ठीक होने से होगा जीवन का निर्माण: डॉ. सोमेंद्र तोमर

बेसिक शिक्षा ठीक होने से होगा जीवन का निर्माण: डॉ. सोमेंद्र तोमर

मेरठ (हि.स.)। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ किया। मेरठ में मुख्य कार्यक्रम उच्च प्राथमिक विद्यालय बहलोलपुर ब्लॉक माछरा में आयोजित हुआ। सजीव प्रसारण सभी प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों व ब्लॉक रिसोर्स सेन्टर में कराया गया। ऊर्जा राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि बेसिक शिक्षा ठीक होने से जीवन का निर्माण होने में आसानी होगी।

ऊर्जा राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर और जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी ने बहलोलपुर उच्च प्राथमिक विद्यालय में स्कूल चलो अभियान कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। डॉ. सोमेंद्र तोमर ने बेसिक शिक्षा के अध्यापकों और ग्राम पंचायत से जुड़े सभी अधिकारियों तथा प्रतिनिधियों से स्कूल चलो अभियान के लिए हर घर दस्तक देने का आह्वान किया। कहा कि कोई भी बच्चा स्कूल जाने से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर बेसिक शिक्षा ठीक होगी तो हमारे जीवन का निर्माण आसानी से हो सकता है। 2014 से पहले का देश व 2014 के बाद के देश विदेश में भारतवासियों का सम्मान बढ़ा है। प्रदेश को 24 घंटे बिजली दिलाने का संकल्प लेकर हम आगे बढ़ रहे हैं। विद्यालयों के बीच में आदर्श विद्यालय बनाने की प्रतियोगिता होनी चाहिए। वर्ष 2017 के बाद परिस्थितियां बदली है, आने वाले पांच सालों में और भी सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिलेंगे।

जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी ने कहा कि बच्चों में संस्कृति व संस्कार विकसित करें तथा भारतीयता का भाव जाग्रत करें। सभी शिक्षक बच्चों को अच्छे संस्कार दें, उनको अच्छा नागरिक बनायें व अच्छी शिक्षा देकर उनका भविष्य सफल बनायें।

बेसिक शिक्षा अधिकारी योगेन्द्र कुमार ने बताया कि गत सत्र में 14 हजार छात्र बढ़े थे। इस वर्ष 25 से 30 हजार बच्चे बढ़ाने का लक्ष्य है। वर्तमान में 1072 प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय है। 14 ब्लॉक रिसोर्स सेन्टर है। इस अवसर पर राज्य मंत्री और जिला पंचायत अध्यक्ष ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अध्यापकों को प्रशस्ति पत्र दिए। जिसमें जितेन्द्र कुुमार शर्मा, अशोक कुमार, जनक देवी, वीर बहादुर सिंह, अंजलि गुप्ता, अम्बरीष कुमार, गीता देवी, सीमा सिंह, पुष्पा यादव, रजनीश, पूनम, अर्पणा, दीपाली, संगीता, प्रदीप, मनिका, मंजू लता, कौशर जहां शामिल रहे। इस अवसर पर सीडीओ एस चौधरी, उप जिलाधिकारी मवाना अमित गुप्ता, बीडीओ माछरा गोपाल गोयल आदि उपस्थित रहे।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular