लखनऊ (हि.स.)। कांग्रेस द्वारा जारी किए गए भर्ती विधान को आधार बनाते हुए कांग्रेस पार्टी ‘‘स्पीक अप’’ अभियान शुरू करने जा रही हैं। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर रविवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस का सोशल मीडिया विभाग प्रदेशव्यापी ‘‘स्पीक अप’’ अभियान चलायेगा। इसे सोशल मीडिया के माध्यम से प्रदेश के बेरोज़गार युवा फ़ेसबुक और ट्विटर पर युवा विधान पर उनके विश्वास और पिछली सरकारों के साथ अपने ठगे हुए अनुभव साझा करेंगे। इसके अलावा कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारी व कार्यकर्ता प्रदेश में जगह-जगह स्टाल लगाकर बेरोज़गार युवाओं से फ़ॉर्म भरवाएंगे और उन्हें रोज़गार पंजीयन क्रमांक भी आवंटित करेंगे।
यह जानकारी कांग्रेस मुख्यालय लखनऊ में प्रेसवार्ता करते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस के मीडिया एंड कम्युनिकेशन विभाग के चेयरमैन नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने दी। इस अवसर पर कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अशोक सिंह भी उपस्थित थे।
बताया कि भर्ती विधान में लिखे वादों और कार्ययोजनाओं पर कांग्रेस पार्टी ने उत्तर प्रदेश के हर जिले में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। प्रेसवार्ता में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भर्ती विधान के बारे में विधिवत जानकारी दी।
नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि कांग्रेस का भर्ती विधान उत्तर प्रदेश के 07 करोड़ युवाओं की आशाओं, आकांक्षाओं का दस्तावेज है। कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने पर 20 लाख सरकारी नौकरियों की गारंटी होगी, जिनमें 8 लाख सरकारी पद महिलाओं के लिए होंगे।
कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर युवाओं के रोजगार के लिए नए अवसर प्रदान किए जाएंगे। मल्लाहों और निषादों के लिए विश्वस्तरीय संस्थान बनाया जाएगा जिसमें मत्स्य पालन, नौका व्यवसाय, वाटर स्पोर्ट्स से संबंधित व्यवसायों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही अति पिछड़े समुदाय के युवाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए 01 फीसदी ब्याज की दर से कर्ज दिया जाएगा। उत्तर प्रदेश में युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को रोकने के लिए व युवाओं को नशे के जाल से निकालने के लिए एक सेंटर खोला जाएगा, जो युवाओं की काउंसिलिंग करेगा।
बृजनन्दन
