Tuesday, April 7, 2026
Homeउत्तर प्रदेश बेधड़क सड़कों पर दौड़ रहे सवारी लादे माल ट्रैक्टर

 बेधड़क सड़कों पर दौड़ रहे सवारी लादे माल ट्रैक्टर

सीएम के फैसले के बाद भी हाइवे में फर्राटा भर रहे अवैध वाहन

हमीरपुर (हि.स.)। कानपुर क्षेत्र में हाल में ही हुए भीषण ट्रैक्टर हादसे के बाद भी यहां हमीरपुर जिले में लोग अभी भी सबक नहीं ले रहे हैं। यहां आज भी सवारी लादे ट्रैक्टर सड़कों पर बेधड़क दौड़ रहे हैं।

योगी सरकार के फैसले के बाद अब यहां एआरटीओ ने पुलिस बल के साथ अवैध वाहनों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। सवारी से खचाखच भरी ट्रैक्टर ट्राली और चार लोडर पकड़े गए हैं।

हमीरपुर जिले में हजारों की संख्या में ट्रैक्टर ट्रालियां माल के साथ सवारियां भी ढोने में लगी है। सुमेरपुर कस्बे में ही तीन सौ ट्रैक्टर रोजाना ईंट, गिट्टी, मोरम, सरिया और सीमेंट आदि लादकर इधर-उधर मैटेरियल की सप्लाई करते हैं। एक ट्रैक्टर ट्राली में चालक के साथ पांच से दस लोग भी सवार रहते हैं। जिले के मौदहा, मुस्करा, सरीला, राठ, गोहांड व कुरारा क्षेत्र में भी माल ढोने वाले हजारों ट्रैक्टर ट्रालियों की लोग सवारी करते है।

हाल में ही कानपुर क्षेत्र में सवारियों से भरी ट्रैक्टर ट्राली के तालाब में पलट जाने से 26 लोग मारे गए जबकि तमाम लोग घायल भी हुए। इस हादसे के बाद योगी सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए ट्रैक्टर ट्राली की सवारी पर प्रतिबंध लगाया है। साथ ही सवारियां ढोने पर ट्रैक्टर पर दस हजार रुपये का जुर्माना करने का प्रावधान रखा गया है।

इस फैसले के बाद भी यहां ग्रामीण इलाकों में माल ढोने वाली ट्रैक्टर ट्राली की सवारी करने से लोग बाज नहीं आ रहे हैं। बताते हैं कि खेतीबाड़ी में प्रयोग होने वाला ट्रैक्टर ट्राली अभी भी सवारियां ढो रही है। सड़कों और ग्रामीण इलाकों की सड़कों पर ट्रैक्टर और अवैध लोडर की सवारी पर कोई शिकंजा नहीं कस पा रहा है।

हाइवे में उतरकर एआरटीओ ने कई अवैध वाहन पकड़े

हाइवे और राजमार्गों पर सवारियां ढोने वाले ट्रैक्टर और लोडर पर कार्रवाई पुलिस ने शुरू कर दी है। एआरटीओ अमिताभ राय ने बताया कि कानपुर के सजेती थाना क्षेत्र में टोल प्लाजा पर हमीरपुर और कानपुर एआरटीओ टीम के साथ मुस्तैद है। बताया कि सवारियां लेकर सड़कों पर चलने वाली ट्रैक्टर ट्रालियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। यातायात प्रभारी संजय मिश्रा ने बताया कि अवैध वाहनों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अभी तक माल ढोने वाले तीन लोडर व एक ट्रैक्टर टाली को सीज कर मुकदमा लिखा गया है।

महिलाएं, बच्चे समेत 40 लोगों से भरी ट्रैक्टर ट्राली सीज

माल ढोने वाले वाहनों की सवारी पर रोक लगाने के लिए पुलिस अब सड़क पर आ गई है। जिले के कुरारा कस्बे के बेरी तिराहे पर 21 सवारियों से भरे लोडर को पुलिस ने सीज कर मुकदमा थाने में दर्ज कराया है। वहीं महिलाएं और बच्चे समेत चालीस लोगों से भरी ट्रैक्टर ट्राली को जाते देख पुलिस भी दंग रह गई। पुलिस ने ट्रैक्टर को सीज कर थाने में खड़ा कराया है। इस मामले की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई है। इंस्पेक्टर पवन कुमार पटेल ने बताया कि दोनों वाहनों को सीज कर दिया गया है। रोक के बाद सवारी ढोने का मामला भी लिखा गया है।

पंकज

RELATED ARTICLES

Most Popular