सीफार के सहयोग से आयोजित हुई मीडिया कार्यशाला
झांसी(हि. स.)। बेटी बचाना जरूरी है। हालांकि, लोगों की मानसिकता में परिवर्तन आया है, फिर भी लोग पहली बेटी होने के बाद दूसरा बेटा होने की अपेक्षा रखते हैं। यदि लोगों की यह मानसिकता बदल जाए तो बहुत अच्छा है। यह कहना है श्रवण गुप्ता, उपनिदेशक, महिला एवं बाल विकास विभाग (महिला कल्याण) का। वह शुक्रवार को मिशन शक्ति अभियान-4 के अन्तर्गत मीडिया कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। सेंटर फॉर एडवोकेसी एंड रिसर्च (सीफार) के सहयोग से आयोजित कार्यशाला में मंडल और जिले के अधिकारियों ने अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए उपनिदेशक महिला कल्याण श्रवण गुप्ता ने मिशन शक्ति अभियान 4.0 एवं महिला कल्याण विभाग की ओर से संचालित कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। सीफार के इस आयोजन का जिम्मा भी दोनों बेटियां उठा रही हैं, यह देखकर बहुत अच्छा लगा। महिलाओं व पुरुषों को समान अवसर दिए जा रहे हैं। बेटियों को समाज में अपनी प्रतिभागिता बढ़-चढ़ कर सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने महिलाओं को संदेश दिया कि वह स्वयं को मजबूत एवं आत्मनिर्भर बनाएं। अगर किसी महिला को कोई भी समस्या हो तो उसके लिए शिकायत करें 181, 1090, 112, 1098 सहायता नंबर पर एवं सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लें। महिलाओं एवं बालिकाओं की रक्षा व सुरक्षा के लिए बनाए गए अधिनियमों/कानूनों का बृहद स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए। जिला प्रोबेशन अधिकारी नंदलाल सिंह ने मिशन शक्ति के तीनों चरणों की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
उन्होंने बताया कि पहले चरण में 118543 महिला व पुरुषों और 257631 बच्चों यानि कुल 376174 जनपदवासियों को लाभान्वित किया गया है। दूसरे चरण में 110538 महिला व पुरुषों और 235465 में यानि कुल 346003 जनपदवासी लाभान्वित हुए। उन्होंने बताया कि तीसरे चरण में 485590 महिला व पुरुषों और 582458 बच्चों यानि कुल 1068048 जनपदवासियों को लाभान्वित किया गया है। चौथे चरण में अब तक 95673 महिला व पुरुषों और 509337 बच्चों यानि कुल 146610 जनपदवासी लाभान्वित हुए। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपनी आवाज उठाएं। सरकार ने कई टोल फ्री नंबर जारी किए हैं। इनकी मदद से महिलाएं विभिन्न योजनाओं का लाभ उठा सकती हैं। जिन्हें यह नहीं पता कि किस विभाग में आवेदन करना है, वह 1076 हेल्पलाइन की मदद ले सकती हैं।
प्रतीश तिवारी, राज्य सलाहकार, बाल संरक्षण, निदेशालय महिला कल्याण एवं बाल विकास विभाग ने कल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला । सीफार की मंडल प्रभारी रक्षिता शर्मा ने लघु फिल्म प्रस्तुत की। वहीं सीफार की राज्य प्रतिनिधि सोनम राठौर ने संस्था के कार्य और आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर महिला कल्याण अधिकारी प्रियंका गुप्ता, बाल विकास परियोजना अधिकारी रामेश्वर पाल, ललितपुर के जिला प्रोबेशन अधिकारी (डीपीओ) सुरेन्द्र पटेल, जालौन के डीपीओ नंदलाल सिंह ,अमरेन्द्र कुमार, सीफार के ललितपुर और जालौन के प्रतिनिधि मनोज वैद्य और शशि शेखर दुबे आदि उपस्थित रहे।
महेश
