– वारदात के बाद फायरिंग करते हुए भाग निकले शातिर बदमाश
बांदा (हि.स.)। शहर कोतवाली क्षेत्र में एक घर में शादी के दौरान परिवार के लोग मैरिज हाल में थे। इसी दौरान तीन बदमाश उनके घर में घुसे और लगभग 10 लाख के जेवर और 70 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। वारदात से पूर्व परिजनों के घर पहुंचने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी और भाग निकले। घटना की सूचना पर गुरुवार को पुलिस पहुंची और जांच पड़ताल कर चोरों की तलाश शुरु कर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के शंकर नगर मोहल्ले में रहने वाले मिथलेश कुमार की बेटी जागृति का बुधवार को तिंदवारी रोड स्थित एक मैरिज हाल में वैवाहिक कार्यक्रम था। जिसके चलते परिवार के लोग शादी में सम्मिलित होने गए थे। सूना घर पाकर चोर घर के अंदर घुसे और तीन ताले तोड़ दिए। इसके बाद कमरे में पहुंचकर लाकर का ताला तोड़कर लगभग 10 लाख कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और 70 हजार नकद पर हाथ साफ कर दिया।
इस बारे में परिवार के देवदत्त तिवारी ने बताया कि रात को लगभग 1.30 बजे हम लोग घर लौटे। मेरे साथ मेरे भांजे भी थे। जैसे ही मैन गेट का दरवाजा खोला तभी अंदर से खटपट की आवाज सुनाई दी। भांजे ने कहा कि लगता है घर के अंदर कोई है। तब तक छत के ऊपर दो बदमाश टहलते हुए नजर आए। आवाज सुनकर एक और बदमाश जो नीचे था वह भी ऊपर छत पर पहुंच गया और तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। जब तक हम कुछ समझ पाते तब तक उन्होंने दो गोलियां दागी। एक गोली हमारे बगल से निकल गई और हम बाल बाल बच गए। इसके बाद तीनों बदमाश तमंचे लहराते हुए कूद फांद कर भाग गए। इस घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद गुरुवार की सुबह अपर पुलिस अधीक्षक लक्ष्मी निवास मिश्र, क्षेत्राधिकारी नगर अंबुजा त्रिवेदी, शहर कोतवाल श्याम बाबू शुक्ला मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वायड, फॉरेंसिक टीम व सर्विलांस की टीम ने भी मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की।
एएसपी लक्ष्मी निवास मिश्र ने बताया कि रात में शंकर नगर मोहल्ले में एक घर में तीन बदमाश घुसे थे। घर के लोग उस समय शादी समारोह में गए थे। रात में लगभग 1.52 बजे घर के लोग वापस लौटे तब तक चोर घर में ही घुसे थे। जिन्होंने भागते समय गोली भी चलाई। जांच पड़ताल करते हुए बदमाशों की तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है।
अनिल
