Wednesday, February 11, 2026
Homeराज्यबेगूसराय में एमओ तथा आईजीआईएमएस डॉक्टर के घर भीषण डाका

बेगूसराय में एमओ तथा आईजीआईएमएस डॉक्टर के घर भीषण डाका

बेगूसराय(हि.स.)। बेगूसराय जिला में अपराधी ताबड़तोड़ घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। बीती रात भी बेखौफ बदमाशों ने बखरी थाना क्षेत्र के बखरी बाजार में डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। बदमाशों ने छपरा में पदस्थापित सुमित कुमार केसरी तथा आईजीएमएस के पटना के सीनियर डॉक्टर प्रवीण कुमार के घर का ताला तोड़कर लाखों की डकैती कर लिया है। रविवार की सुबह मामले का खुलासा होने के बाद सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है, कितने की संपत्ति चोरी हुई है इसका खुलासा गृहस्वामी के आने के बाद ही हो सकेगा।

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि सुमित कुमार केसरी एवं डॉ. प्रवीण कुमार अपने-अपने ड्यूटी पर रहने के कारण बखरी में नहीं रहते हैं। उनके पिता ब्रह्मदेव केसरी बखरी अंबेडकर चौक के समीप स्थित घर में रहते थे, लेकिन पिछले कुछ दिनों से आईजीएमएस पटना में पदस्थापित अपने डॉक्टर पुत्र के पास रहते हैं। देर रात बदमाशों ने मेन गेट का ताला तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया, इसके बाद बिछावन के नीचे घर के सभी कमरे की चाबी मिल गई। इसके बाद बदमाशों ने सभी रूम खोलने के बाद गोदरेज, लॉकर और पलंग को तोड़कर भारी लूटपाट मचाया है। रविवार की सुबह आसपास के लोगों ने जब मेन गेट का ताला टूटा देखा तो हड़कंप मच गया। घटना की सूचना बखरी थाना को दी गई, पुलिस के पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने जब घर में प्रवेश किया तो सभी सामान बिखरा पड़ा हुआ था। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच तथा अन्य तरीके से अनुसंधान में जुटी हुई है। गृहस्वामी को सूचना दी गई है, उनके आने के बाद ही खुलासा होगा कि कितने की डकैती हुई है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि दस लाख से अधिक की संपत्ति बदमाशों के हाथ लगा है।

नए एसपी योगेंद्र कुमार केेे आने के बाद बेगूसराय जिला भर में बदमाश ताबड़तोड़ घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। शुक्रवार की रात बछवाड़ा में स्वर्ण व्यवसायी को बंधक बनाकर 25 लाख से अधिक की डकैती हुई तो शनिवार की शाम मुफस्सिल थाना क्षेत्र में एक मदरसा शिक्षक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दिन-रात लगातार चोरी, डकैती, हत्या, डकैती किया जा रहा है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है, हलांकि पुलिस त्वरित कार्यवाही कर रही है।

सुरेन्द्र

RELATED ARTICLES

Most Popular