Wednesday, April 8, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबेकाबू ट्रक की चपेट में आकर मोटरसाइकिल सवार की मौत, हाइवे पर...

बेकाबू ट्रक की चपेट में आकर मोटरसाइकिल सवार की मौत, हाइवे पर ट्रक पलटा

प्रतापगढ़(हि.स.)। नगर कोतवाली क्षेत्र में अयोध्या-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिलबिला ओवर ब्रिज पर मंगलवार की देर रात को बेकाबू ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार युवक को कुचल दिया। इसके बाद बेकाबू ट्रक ओवर ब्रिज पर ही पलट गया, जिसमें ट्रक चालक घायल हो गया। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और तलाशी के दौरान युवक की जेब में मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान की। सूचना पर पहुंचे परिजनों में शव को देखते ही कोहराम मच गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है ।

नगर कोतवाली क्षेत्र के बेगमवार्ड निवासी मेराज बाबू (30) महुली मंडी चिलविला में थोक में सब्जी का व्यवसाय करता था। प्रतिदिन की तरह मंगलवार की रात रात मंडी से दुकान बंद कर मोटरसाइकिल से वापस घर लौट रहा था कि अचानक चिलविला ओवर ब्रिज पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दिया, जिससे युवक बाइक सहित ट्रक के नीचे आ गया। हादसे के वक्त ट्रक भी हाइवे पर पलट गया। आस पास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को हादसे की सूचना देकर युवक को उठाने लगे, लेकिन तब तक सब्जी व्यवसायी की मौत हो गई थी। राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगभग एक घंटे तक जाम लगा रहा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद पलटे ट्रक को पुलिस कब्जे में लेकर कोतवाली ले गयी। परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

RELATED ARTICLES

Most Popular