मीरजापुर (हि.स.)। विधान मंडल दल के सपा के मुख्य सचेतक व यूपी सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने शुक्रवार को कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी परचम लहराएगी। इसके लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव प्रदेश के जनपदों का दौरा कर रहे हैं।
जमालपुर के बहुआर गांव स्थित सपा कैंप कार्यालय पर मीडिया से बातचीत के दौरान सपा के मुख्य सचेतक ने कहा कि समाजवादी पार्टी के कोलकाता में आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन के बाद प्रत्येक जनपद में कार्यकर्ता सम्मेलन के माध्यम से बूथ लेवल के कार्यकर्ता प्रशिक्षित किए जाएंगे। ब्लाक स्तर पर कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित कर कार्यकर्ताओं को बूथ विजय का गुर सिखाया जाएगा। इस दौरान सपा के चुनार विधानसभा अध्यक्ष रविप्रकाश त्रिपाठी, जिला उपाध्यक्ष सुनील कुमार पांडेय, दीपक दुबे, प्रधान संघ अध्यक्ष राणा प्रताप सिंह, विरेंद्र यादव, राजकुमार पांडेय, जंगबहादुर सिंह, विजय कुमार सिंह, अमित तिवारी, अरविंद कुमार आदि थे।
जलशक्ति मंत्री के पैतृक आवास पहुंचकर जताई संवेदना
सपा के मुख्य सचेतक मनोज पांडेय जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के पैतृक आवास जमालपुर के ओड़ी गांव आए थे। यहां पर उन्होंने जलशक्ति मंत्री की दिवंगत मां रामा देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
गिरजा शंकर
