Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबूथ मजबूत तो जीत सुनिश्चित : योगी आदित्यनाथ

बूथ मजबूत तो जीत सुनिश्चित : योगी आदित्यनाथ

जौनपुर (हि.स.)। मल्हनी विधानसभा उप चुनाव के मद्देनजर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को मल्हनी विधानसभा के सनबीम स्कूल स्थित सभागार में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जब हमारा बूथ मजबूत होगा तो हमारी जीत सुनिश्चित है। 
उन्होंने कहा कि यह संकट का दौर है और हर कोई परेशान है। ऐसे में सरकार सभी की मदद के लिए दृढ़ संकल्पित है। मोदीजी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के साथ ही प्रदेश की सरकार भी जनता की हरसंभव मदद कर रही है। उन्होंने कहा कि मल्हनी में विधानसभा उपचुनाव होना है। अन्य चुनावों की तरह न तो बड़ी-बड़ी रैलियां होंगी न जनसभा। ऐसे में भाजपा के एक-एक पदाधिकारी व कार्यकर्ता चाहे वह बूथ स्तर का हो या जिला स्तर का। सभी की जिम्मेदारी है कि वह तन-मन से लगकर मल्हनी की यह सीट जीतकर भाजपा की झोली में डाले। कहा कि हर कार्यकर्ता एक-एक वोटर से घर-घर जाकर संपर्क करे और उन्हें भाजपा के पक्ष में मतदान के लिए प्रेरित करते हुए यह सीट जीतने के लिए पूरी तल्लीनता से अभी से लग जाएं। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि जौनपुर की इमरती प्रसिद्ध है। इसकी मिठास को आगे बढ़ाने के लिए एक ब्रांड दिया जाएगा। जिससे जौनपुर की इमरती की मिठास पूरे देश में फैल सके। जौनपुर की इमरती और इत्र एक ब्रांड के रूप में पूरे देश में विख्यात होगी। कहा कि जौनपुर के डाक्टर लालजी सिंह व राजा यादवेंद्र दत्त ने अपने कार्य से पूरे देश में भारत का नाम ऊंचा किया है। आज उनके सम्मान में अस्पताल और पुल का नामकरण कर सरकार ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। कहा कि मल्हनी विधानसभा की सीट जीतने के लिए हर कार्यकर्ता दो-दो बूथ की जिम्मेदारी लेकर काम करे। वह जनता के बीच जाकर लोगों को केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं को बताए। इसके साथ ही उन्हें जानकारी दे कि सरकार ने वर्षों से लंबित कार्यों को पूरा करके अपने वायदे को पूरा किया है। चाहे वह राम मंदिर का निर्माण रहा हो या धारा 370। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त समाज बनाने के लिए सरकार काम कर रही है। अभी तक किसी भी सरकार ने ऐसा काम नहीं किया था। 
संबोधन के बाद मुख्यमंत्री मंच के पीछे बने कक्ष में जाकर वरिष्ठ पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के साथ मंत्रणा की। बताया गया कि मुख्यमंत्री ने प्रत्याशी चयन के सम्बंध में भी वरिष्ठ पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से बातचीत किया। हालांकि पूरे कार्यक्रम के दौरान मीडिया को काफी दूर रखा गया। 

RELATED ARTICLES

Most Popular