Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबुविवि में रैगिंग को लेकर छात्रों के दो गुट भिड़े, मुकदमा दर्ज

बुविवि में रैगिंग को लेकर छात्रों के दो गुट भिड़े, मुकदमा दर्ज

– एक वर्ष में बढ़े रैगिंग के मामले, कुलानुशासक घटनाएं रोकने में नाकाम

झांसी(हि.स.)। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में रैगिंग चिंगारी ने 21 दिसंबर की देर शाम विकराल आग का रूप धारण कर लिया। यहां रैगिंग को लेकर विद्यार्थियों के दो गुट एक-दूसरे से भिड़ गए। जूनियर छात्रों ने जब रैगिंग का विरोध किया तो लॉर्ड बुद्धा छात्रावास के लड़कों ने उन पर डंडों से हमला कर दिया। इस बवाल में चार से पांच छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान लॉर्ड बुद्धा छात्रावास के विद्यार्थियों द्वारा सड़कों पर चलने वाले राहगीरों पर भी पत्थरबाजी करने का आरोप लगा है। पुलिस ने पीड़ित छात्रों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।

बीटेक प्रथम वर्ष के घायल छात्र अंकित सिंह ने तहरीर देते हुए बताया कि प्रथम वर्ष के छात्र विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में इस्कॉन के चरित्र निर्माण कार्यक्रम में भाग ले रहे थे। इसी दौरान लॉर्ड बुद्धा हॉस्टल के सीनियर छात्र वहां जा पहुंचे और जूनियर्स के साथ इंट्रोडक्शन रैगिंग के नाम पर मारपीट करने लगे। इसका जब विरोध किया गया तो उन्होंने लाठी-डंडों, पत्थर बरसा कर पीटना शुरू कर दिया। ऑडिटोरियम से मारते पीटते जूनियर छात्रों को सड़क तक लाया गया। तब तक हॉस्टल के अन्य सीनियर छात्र भी वहां एकत्र हो गए। जानकारी होने पर हॉस्टल के बाहर रहने वाले छात्रों ने पीटे जा रहे जूनियर छात्रों को बचाने का प्रयास किया। इसमें अंकित सिंह, जासिम, रितिक, प्रेम साहनी और दीपक वर्मा आदि को गंभीर चोटें आ गई। उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। घटना स्थल पर प्रॉक्टर प्रोफेसर सैनी, डॉक्टर एमएम सिंह आदि पहुंचे और मामले में पटाक्षेप कराने में जुट गए गए।

छात्रों ने आरोप लगाया कि प्रोफेसर सैनी से कई बार रैगिंग की शिकायत की गई है लेकिन आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई होने की बजाय पीड़ितों को ही उल्टा धमका दिया जाता है या फिर नोटिस जारी कर दिया जाता है। इस वर्ष की यह चौथी घटना है। इससे पूर्व मई माह में भी रैगिंग की शिकायत की गई थी। बीटेक प्रथम वर्ष के एक अन्य छात्र ने बताया कि उसे फोन पर भी धमकी आती हैं। इसकी शिकायत भी उसने शिक्षकों से की है। हालांकि तहरीर के आधार पर नवाबाद पुलिस ने तनुज गंगवार, दुर्गेश चौरसिया, विशाल राजपूत, श्रेष्ठ द्विवेदी व कुछ अज्ञात छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

इस संबंध में एसपी सिटी राधेश्याम राय ने बताया कि छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए हैं। पत्थरबाजी के दौरान कुछ छात्र घायल हुए हैं। मामला रैगिंग का बताया जा रहा है। कुलानुशासक को भी इस मामले में सूचित कर दिया गया है। उन्होंने मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विधिक कार्यवाही की जाएगी।

महेश

RELATED ARTICLES

Most Popular