Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबुल्डोजर से अखिलेश को सबसे ज्यादा परेशानी : योगी

बुल्डोजर से अखिलेश को सबसे ज्यादा परेशानी : योगी

-मैनपुरी में खूब लगा योगी-योगी का नारा

-पेशेवर अपराधियों, माफियाओं को हेलीकॉप्टर पर घुमाती थीं पहले की सरकारें : योगी

मैनपुरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव पर करारा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार सबका साथ सबका विकास कर रही है। दूसरी तरफ अपराधियों और माफियाओं पर ढूढ़-ढूढ़ कर बुल्डोजर चलाया जा रहा है। जब बुलडोजर का जिक्र होता है। तो सबसे ज्यादा परेशानी अखिलेश यादव को होती है। वह इसलिए होती है क्योंकि उनको लगता है कि उनके इत्र वाले मित्र ने जो कई पीढ़ियों के लिए पैसा इकट्ठा किया था, उन पर बुल्डोजर चलाकर उन्हें कंगाल करके सड़कों पर छोड़ देंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब प्रदेश में हर तरफ विकास हो रहा है। सारी समस्याओं का समाधान हो रहा है तो परेशानी उन्हें (सपा) है। वह इसलिए क्योंकि उन्हें यह नहीं पच रहा है कि जनता का काम हो उनके काम में रुकावट आए। यही बात मैं कहने के लिए यहां आया हूं। आज सड़क बन रही है। बिजली मिल रही है। गरीब को मकान मिल रहा है। किसान को सम्मान मिल रहा है। नौजवान के लिए रोजगार भी है। नौजवान के लिए टेबलेट और स्मार्टफोन की भी व्यवस्था की गई है। स्नातक, परास्नातक, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, मेडिकल हो या इंजीनियरिंग का छात्र, सबको टेबलेट और स्मार्टफोन दे रहे हैं। इससे भी समाजवादी पार्टी को बड़ी परेशानी है। हमने तय किया है कि अभी तो एक करोड़ नौजवान को स्मार्टफोन और टैबलेट दिया जा रहा है। अगले पांच साल में दो करोड़ों युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन देंगे।

हर घर नल की योजना चला रहे हैं। समाजवादी पेंशन के नाम पर पिछली सरकार ने घोटाला किया। हमारी सरकार आई 12 हजार रुपये सालाना वृद्धजन, दिव्यांगजन और विधवा पेंशन दे रही है। पहले पिछली सरकारें पेशेवर अपराधियों, माफियाओं को सरकारी हेलीकॉप्टर पर घुमाती थीं। अखिलेश यादव का नाम लिए बगैर कहा कि पहले के मुख्यमंत्री अपने सरकारी आवास पर बुलाकर सम्मानित करते थे। कर्फ्यू लगाते थे। अब प्रदेश में कर्फ्यू नहीं लगता है। अब शानदार तरीके से कावड़ यात्रा निकलती है। आज हर कांवड़िया हर-हर बम-बम के नारे लगाते हुए चलते हैं। पेशेवर अपराधियों को जेल के अंदर डाला जा रहा है। या फिर उन्हें इस लायक कर दिया गया है कि वह प्रदेश की सीमा के अंदर ही नहीं आ पाएंगे।

पहले के लोग गरीबों का राशन खा जाते थे। सड़क का पैसा खा जाते थे। बिजली का पैसा खा जाते थे। वृद्धजन, विधवा महिलाओं का पेंसन खा जाते थे। गरीबों के मकान को हड़पने वाले लोगों की चिंता बढ़ती जा रही है। वह इसलिए क्योंकि हम एक-एक को ढूंढ करके योजनाओं का लाभ दे रहे हैं। दूसरी तरफ अपराधियों और माफियाओं पर ढूंढ-ढूंढ कर बुल्डोजर चलाया जा रहा है। जब बुल्डोजर का जिक्र होता है। तो सबसे ज्यादा परेशानी अखिलेश जी को होती है। वह इसलिए होती है क्योंकि उनको लगता है इत्र वाले मित्र ने कई पीढ़ियों के लिए पैसा इकट्ठा किया था, वह उन्हें कंगाल करके सड़कों पर छोड़ देंगे।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि मैनपुरी में चार विधानसभा सीटें हैं। यह चार की चारों सीटें भाजपा की झोली में आनी चाहिए। आज गरीबों को मकान, शौचालय, रसोई गैस, बिजली का कनेक्शन मिल रहा है। यह कार्य इसलिए हो पा रहा है क्योंकि आप लोगों ने उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाई थी। भाजपा प्रत्याशियों को जिताकर विधानसभा भेजा था। उन्होंने दूसरे चरण के मतदान का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक बजे तक 40 फ़ीसदी मतदान हुआ है। अगर यही औसत रहा तो शाम छह बजे तक यह 75 फ़ीसदी तक पहुंचेगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनाएंगे तो सबको योजनाओं का लाभ मिलेगा। सबका विकास होगा और माफियाओं पर बुल्डोजर भी चलेगा।

दिलीप शुक्ला

RELATED ARTICLES

Most Popular