लखनऊ(हि.स.)। पूर्वांचल से जुड़ने वाले जनपदों मऊ, अम्बेडकरनगर, संतकबीरनगर, वाराणसी से आये बुनकरों ने अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद से मिलकर व्यवसाय से जुड़ी समस्याओं पर एक ज्ञापन सौंपा। बुनकरों ने केन्द्र सरकार के अल्पसंख्यक विभाग से मिलने वाली सुविधाओं की चर्चा करते हुए हर सम्भव प्रयास कर उन्हें सरकारी सुविधा मुहैया कराने की मांग की।
लखनऊ में राज्यमंत्री दानिश के आवास पर पहुंचें बुनकर नेता एनुल मुजफ्फर अंसारी और उनके साथियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ की सरकार ने निरंतर बुनकरों के हित में कार्य किये हैं। इसके परिणाम स्वरुप उनके परिवार को समय से रोटी मिल रही है। रोजगार में तरक्की भी हुई हैं। अभी कुछ समस्याएं मशीनों, बनने वाले माल की बिक्री और बाजार से जुड़ी टैक्स नीति से है।
उन्होंने बताया कि बुनकर के हाथ से या मशीन से बनने वाला कपड़ा अर्थात सहज भाषा में कहा जाने वाला माल बिक तो रहा है लेकिन उसकी बिक्री की पर्याप्त समय लग रहा है। इससे पहले से तैयार माल को निकालने और दूसरा माल तैयार करने में काफी दिक्कतें होती है। इस बारे में राज्यमंत्री को अवगत कराया गया है। वाराणसी, मऊ क्षेत्र तो बुनकरों का कार्य क्षेत्र रहा है। यहां पहले भी केन्द्र सरकार के मंत्रियों से मदद मिली है।
मौके पर राज्यमंत्री दानिश आजाद ने बुनकरों की समस्या के संबंध में आवश्यक कार्यवाही कराने के लिए विभागीय पहल करने की बात कही। इस दौरान मोहम्मदाबाद, जहानागंज, टांडा, मेरठ के बुनकरों की भी समस्याओं को राज्यमंत्री दानिश ने सुना और समय के साथ उचित कार्यवाही को आश्वस्त किया।
शरद/मोहित
