Thursday, April 2, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबुदेंलखंड में बनी तोप गरजेगी पाकिस्तान की सीमा में : मुख्यमंत्री

बुदेंलखंड में बनी तोप गरजेगी पाकिस्तान की सीमा में : मुख्यमंत्री

– 2017 के पूर्व गरीबों का राशन सपा के गुंडे बहन जी का हाथी खाता था

हमीरपुर (हि.स.)। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा बसपा कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए कहा कि उन्होंने बुंदेलखंड को डिफेंस कॉरिडोर, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे सहित तमाम योजनाओं से आच्छादित किया है। बुंदेलखंड डिफेंस कॉरिडोर में बनने वाली तोप जिस समय पाकिस्तान की सीमा पर गरजेगी तो पाकिस्तान के छक्के छूट जाएंगे। 2017 के पूर्व गरीबों का राशन सपा के गुंडे एवं माफिया तथा बहन जी का हाथी खाता था। बहन जी के हाथी का पेट इतना बड़ा है कि वह सब कुछ हजम कर जाने के बाद भी नहीं भरा है।

जनसभा के पूर्व हेलीपैड से उतरकर मुख्यमंत्री सीधे ब्रह्मलीन संत रोटीराम महाराज नागास्वामी की समाधि स्थल सुमेरपुर पर मत्था टेक कर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड वीरांगनाओं की भूमि है। यह पावन एवं नमन योग्य है। उन्होंने संत शिरोमणि रविदास महाराज को नमन करते हुए कहा कि हमने कोरोना काल में जीवन और जीविका बचाने के लिए अभिनव कार्यक्रम के तहत कोरोना लड़ाई लड़ी। जिस तरह प्रदेश से गुंडाराज खत्म किया। उसी तरह कोरोना को खत्म किया। कहा कि जिस तरह से लोग वैक्सीन का विरोध करते थे। उसी तरह चुनाव में इनका विरोध करके करारा जवाब देना है। उन्होंने कहा कि 10 मार्च के बाद जब परिणाम आएगा तो अखिलेश यादव के मोबाइल का स्विच आफ हो जाएगा। लोग फोन मिलाते रहेंगे लेकिन फोन ही नहीं मिलेगा।

कहा कि चुनाव के प्रथम और दूसरे चरण में जनता का अपार समर्थन मिला है और आगे होने वाले मतदान में भी बीजेपी के पक्ष में लहर चल रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में सपा बसपा कांग्रेस के नेता घरों में बैठे रहे। हमने नेता कार्यकर्ता घरों से निकलकर लोगों की मदद की। उन्होंने कहा कि 2017 के पूर्व सुरक्षा का संकट था। माफिया गुंडे हावी थे। हमने बुलडोजर चलाकर इनका खात्मा किया। अगर भाजपा सरकार बनी तो उनका बुलडोजर चलता रहेगा। प्रदेश का माफियाराज अब अंतिम सांसे गिन रहा है।

कहा कि बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के किनारे सभी जनपदों में औद्योगिक कलस्टर बनाकर उद्योग लगाए जाएंगे। इससे बुंदेलखंड के युवाओं को रोजगार का द्वार खुलेगा और उनको रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। बुंदेलखंड को शुद्ध पेयजल के लिए घर घर जल योजना का कार्य जोर शोर से गांव-गांव कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमने अर्जुन सहायक परियोजना को पूर्ण किया है। बेतवा केन लिंक परियोजना शुरू करके सभी जनपदों को पानी देने की योजना बनाई है। बिजली भरपूर दे रहे हैं। डकैतों का पूर्ण रूप से सफाया कर दिया है। अब बुंदेलखंड में कोई डकैत खड़ा नहीं हो पाएगा।

कहा कि सपा सरकार में बिजली का तार पकडऩे पर करंट नहीं आता था लेकिन बिजली का बिल हाथ में पकड़ते ही शरीर में करंट दौड़ जाता था। अब यह उल्टा हो गया है। सीएम ने सभा में कहा कि हम लोग विकास के नाम पर चुनाव लड़ रहे है। गरीबों के कल्याण के लिए चुनाव लड़ रहे है जबकि समाजवादी पार्टी एक परिवार की पार्टी है। कहा कि याद रखिए सपा में काम करने वाला कभी जीवन में अध्यक्ष नहीं बन सकता है। क्योंकि यह पारिवारिक पार्टी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने सरकार बनने पर जनपद के 46000 किसानों का कर्ज माफ किया। जिले के 15,000 गरीबों को पक्की छत दी गई है। विधवाओं दिव्यांगों को पेंशन दी गई। सरकार बनने पर दो करोड़ युवाओं को लैपटॉप देंगे। कहा कि हमारी सरकार ने राम मंदिर निर्माण के साथ चित्रकूट के विकास का मार्ग प्रशस्त किया है।

पंकज

RELATED ARTICLES

Most Popular