Wednesday, January 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबुंदेलखण्ड एक्सप्रेसवे : यमुना पुल के एक हिस्से पर यातायात शुरू

बुंदेलखण्ड एक्सप्रेसवे : यमुना पुल के एक हिस्से पर यातायात शुरू

करीब 72 प्रतिशत कार्य पूर्ण,पुल निर्माण में देश में स्थापित किया कीर्तिमान

झांसी (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल मार्गदर्शन एवं औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना के निर्देशन में यूपीडा द्वारा बुंदेलखण्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य तीव्र गति से कराया जा रहा है। इसके चलते आज जालौन में यमुना नदी पर निर्माणाधीन बुन्देलखंड एक्सप्रेसवे के पुल का एक हिस्सा यातायात के लिए खोल दिया गया।

शुक्रवार को मुख्य कार्यपालक अधिकारी, यूपीडा अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि बुंदेलखण्ड एक्सप्रेसवे परियोजना के अन्तर्गत जनपद जालौन में स्थित यमुना नदी पर निर्माणाधीन बड़े पुल का निर्माण कार्य फरवरी, 2020 में शुरु हुआ था। इसकी कुल लम्बाई 840 मीटर है। इसका बायां हिस्सा जो कि यातायात के लिए बनकर तैयार हो चुका है, को रिकॉर्ड 18 माह में पूरा किया गया है।

श्री अवस्थी ने यह भी बताया कि इस दीर्घ सेतु का निर्माण रिकॉर्ड समय में पूरा करा यूपीडा ने देश में एक नया की कीर्तिमान स्थापित किया है। बुंदेलखण्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण तीव्र गति से चल रहा है। परियोजना का अब तक लगभग 72 प्रतिशत भौतिक कार्य सम्पन्न हो गया है। एक्सप्रेसवे पर पड़ने वाली बेतवा नदी पर बन रहे दीर्घ सेतु का भी तीव्र गति से निर्माण चल रहा है। बुंदेलखण्ड एक्सप्रेसवे परियोजना की कुल लम्बाई 296.07 किमी है।

रिकॉर्ड समय में अब तक कुल 217 किमी लम्बाई में बिटुमिनस स्तर का कार्य पूरा किया जा चुका है। यानि कि इतनी सड़क पूर्णतः बनकर तैयार हो चुकी है। यूपीडा द्वारा बुन्देलखण्ड एक्सप्रेसवे में अब तक क्लीयरिंग एण्ड ग्रबिंग का कार्य 100 प्रतिशत और मिट्टी का कार्य 96 प्रतिशत से अधिक पूर्ण कर लिया गया है। कुल 818 में से 708 स्ट्रक्चर्स यानि आधे से अधिक का कार्य भी पूरा किया जा चुका है।

परियोजना की वर्तमान प्रगति में 93.05 प्रतिशत सबग्रेड स्तर तक कार्य, 91.75 प्रतिशत जीएसबी स्तर का कार्य, 86 प्रतिशत डब्लू एम एम का कार्य पूर्ण हो गया है। दीर्घ सेतुओं के निर्माण के लिए सभी 1465 पाइल का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। परियोजना के सभी 14 दीर्घ सेतुओं एवं 04 रेलवे ओवर ब्रिज का कार्य प्रगति पर है। इसके साथ ही निर्माणाधीन 19 सीओएस सहित फ्लाई ओवर्स का कार्य भी प्रगति पर है।

RELATED ARTICLES

Most Popular