Saturday, March 21, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबीजेपी का मिशन 2022 : बूथों पर फोकस , संगठन हित में...

बीजेपी का मिशन 2022 : बूथों पर फोकस , संगठन हित में करें नए-नए प्रयोग : सुनील बंसल

गाजियाबाद(हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने नेहरू नगर स्थित भाजपा महानगर कार्यालय पर महानगर पदाधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने पदाधिकारियों को बताया कि 16 से 20 अगस्त तक विधानसभा क्षेत्रवार बैठकें होनी हैं। ये बैठक विधानसभा क्षेत्रों के केंद्र पर की जानी हैं। इसी तरह 23 अगस्त की शाम 4 बजे बूथ विजय अभियान का शुभारंभ होगा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शुभारम्भ करेंगे। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष बूथ अध्यक्षों से वर्चुअल संवाद भी करेंगे।

उन्होंने बताया कि 23 अगस्त से 7 सितम्बर तक बूथ समितियों का सत्यापन किया जाना है। इसके साथ ही 10 से 20 सितम्बर तक पन्ना प्रमुख बनाने के लिए अभियान चलाया जाएगा। इसमें भाजपा के मंडल से लेकर राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारी या जनप्रतिनिधि का वोटर लिस्ट में जिस पन्ने पर नाम होगा, वह वहां का पन्ना प्रमुख बनाया जाएगा। इसके बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती 25 सितम्बर को मंडलवार पन्ना प्रमुखों की बैठक होगी। पन्ना प्रमुखों की बैठक के बाद सदस्यता अभियान भी चलाया जाएगा।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने विधानसभा चुनाव की दृष्टि से युवाओं, महिलाओं, किसानों, प्रबुद्ध वर्ग का सम्मेलन जिला मुख्यालय पर कराने की बात भी कही। दिव्यांगों और रेहड़ी, पटरी वालों को भी पार्टी से जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ पाए लाभार्थियों के बीच जनसंपर्क का बृहद कार्यक्रम चलाया जाना है।

उन्होंने सभी को उन वर्गों के बीच जाकर संगठनात्मक प्रयोग करने के निर्देश भी दिए जो भाजपा विचार धारा के हैं, लेकिन संगठन के संपर्क में नहीं हैं।

बैठक में पश्चिम उत्तर प्रदेश प्रभारी जेपी एस राठौर, क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल महानगर प्रभारी महेंद्र धनओरिया, महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, पप्पू पहलवान, गोपाल अग्रवाल, सुशील गौतम, राजेश त्यागी, रनीता सिंह, इंदू जौहरी, तारा जोशी, संजीव चौधरी, धीरज शर्मा, गुंजन शर्मा, दिवाकर सिंघल, विनय चौधरी, संजय रावत, बीएल गौतम, मीडिया प्रभारी अश्विनी शर्मा, मीडिया सह प्रभारी धीरज अग्रवाल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular