लखनऊ (हि.स.)। बक्शी का तालाब (बीकेटी) विधानसभा क्षेत्र में एक विवादित पोस्टर लगाने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर एफआईआर दर्ज होने के बाद राजनीति गरमा गयी है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर बीकेटी क्षेत्र में माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाया है। भाजपा के इस आरोप पर कांग्रेस नेताओं ने अपने कार्यकर्ताओं का बचाव करते हुए पलटवार किया है।
बीकेटी क्षेत्र में भाजपा से जुड़े सुनील ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बीकेटी से भाजपा विधायक अविनाश के लापता होने का पोस्टर लगाया और उसमें उनकी तीन खूबियां गिनाते हुए उनके सटक लेने की बात छपी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं में ललन कुमार, जो बीकेटी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं, के इस तरह के पोस्टरों को लगाना बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जाने अनजाने में अपनी भाषा शैली का परिचय दे ही देते हैं। इनके बड़े नेता भी इसी तरह की भाषा शैली का उपयोग करते रहे हैं।
भाजपा के इस आरोप पर कांग्रेस नेताओं ने पलटवार किया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि स्थानीय विधायक अविनाश त्रिवेदी की कार्यशैली जनता से दूरी बनाकर रखना, क्षेत्र में दिखाई न देना, क्षेत्रवासियों को न पहचानने वाले और संकट की घड़ी में सटक लेने वाली रही है। इस कारण पोस्टर लगाया गया था। जिसे पुलिस ने हटाते तीन कार्यकर्ताओं पर एफआईआर दर्ज करा दी है।
बीकेटी क्षेत्र में विवादित पोस्टर लगाये जाने मामले में पुलिस ने बीती रात कांग्रेस के ललन कुमार, रवि सिंह, पिन्टू यादव के विरुद्ध थाना बीकेटी में दिनेश कुमार लोधी की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत किया है। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
शरद/दीपक
