वाराणसी(हि.स.)। चेतगंज थाना क्षेत्र के हबीबपुरा स्थित एक निजी गर्ल्स हॉस्टल में शनिवार को एक छात्रा का शव फंदे से लटकता मिला। सूचना पाते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव को फंदे से उतार कर अपने कब्जे में ले लिया। घटना की जानकारी मृत छात्रा के परिजनों को भी दे दी गई।
जनपद अम्बेडकरनगर के थाना जहांगीरगंज गिरैया बाजार, कल्याणपुर निवासी ज्ञानी जैल सिंह की पुत्री अंशिका सिंह (18) यहां आर्य महिला डिग्री काॅलेज में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। अंशिका हबीबपुरा स्थित निजी गर्ल्स हॉस्टल में रहकर अध्ययन कर रही थी। शनिवार की सुबह देर तक जब अंशिका अपने कमरे से बाहर नहीं निकली तो हास्टल के प्रबंधक ने उसे आवाज दी। इसके बावजूद कमरा नहीं खुलने पर अनहोनी की आशंका जता चेतगंज पुलिस को इसकी जानकारी दी। कमरे का दरवाजा तोड़कर छात्रा के शव को फंदे से उतारा गया। पुलिस ने फारेंसिक टीम के साथ कमरे में देर तक छानबीन की।
माना जा रहा है कि छात्रा ने देर रात अपने कमरे में फांसी लगा ली। छात्रावास के प्रबंधक के अनुसार सभी छात्राओं के साथ अंशिका भी रात दस बजे के बाद अपने कमरे में सो गई थी। शाम को उसने अपने परिजनों से बातचीत भी किया था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
श्रीधर/दिलीप
