वाराणसी (हि.स.)। शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार, के नेशनल इंस्टिट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (एनआईआरएफ) की रैंकिंग में गुरूवार को काशी हिन्दू विश्वविद्यालय तीसरा रैंक बरकरार रखने में कामयाब रहा है। विश्वविद्यालय श्रेणी में लगातार पांचवीं बार विश्वविद्यालय को तीसरा स्थान प्राप्त होने पर पूरे परिसर में हर्ष का माहौल है।
इस बड़ी शैक्षणिक उपलब्धि से खुश कुलपति (कार्यवाहक) प्रो. वी. के. शुक्ला ने कहा कि विश्वविद्यालय परिवार के लिए अत्यंत हर्ष एवं अति उत्साह का विषय है। इस उपलब्धि के लिए मैं विश्वविद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शुभकामनाएं प्रेषित करता हूं। इस विश्वविद्यालय में गुणवत्ता परक पठन-पाठन, शोध, अनुसंधान एवं नवाचार को नई गति देने के लिए अनेक कदम उठाए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के साथ बीएचयू के सहयोग को बढ़ाकर शोध व अनुसंधान के नये आयामों एवं पद्धतियों को भी अनुसरण करने की दिशा में विश्वविद्यालय प्रयासरत है।
कुलपति ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत शिक्षा क्षेत्र में ऐतिहासिक सुधारों के अनुरूप विश्वविद्यालय भी तैयारियां कर रहा है एवं इस दिशा में क़दम उठाए जा रहे हैं। कोविड-19 महामारी के दौरान भी हमने विश्वविद्यालय में पठन-पाठन एवं शोध गतिविधियों को प्रभावित नहीं होने दिया। तमाम व्यवस्थाएं कीं जिनसे शिक्षण व शोध की रफ्तार न थमे। बीएचयू विश्व के शीर्ष 500 संस्थानों में जगह बनाने के लक्ष्य की ओर निरन्तर बढ़ रहा है और मुझे पूरा विश्वास है कि हम जल्द ही इस मंज़िल को हासिल कर नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।
