Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबीएचयू में छात्रों ने मनाया काला दिवस, निलम्बित छात्रों के समर्थन में...

बीएचयू में छात्रों ने मनाया काला दिवस, निलम्बित छात्रों के समर्थन में हुए लामबंद

-बीएचयू बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले छात्रों ने संकायों में जाकर किया सत्याग्रह

वाराणसी (हि.स.)। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) परिसर में बुधवार को छात्रों के निलंबन, फीस वृद्धि सहित अन्य मांगो को लेकर काला दिवस मनाया गया। निलम्बित साथियों के समर्थन में बीएचयू बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले जुटे छात्रों ने बांहों पर काली पट्टी बांध विश्वविद्यालय के लंका स्थित सिंह द्वार सहित विभागों, संकायों, संस्थानों में जाकर विरोध जताया।विरोध प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने साथी शोध छात्रों के निलंबन समेत अन्य कार्रवाई को गलत ठहरा कर विश्वविद्यालय प्रशासन पर लोकतांत्रिक मूल्यों के दमन का आरोप भी लगाया।

लंका गेट पर छात्रों ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ रहे साथियों का निलंबन न्याय के विपरित है। विरोध प्रदर्शन् में शामिल छात्रों ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ साथी कुलपति कार्यालय में ज्ञापन देने गये थे। अनुशासनहीनता का आरोप लगाकर उन्हें निलम्बित कर दिया गया। छात्रों ने कहा कि कैग रिपोर्ट में भी उमंग फार्मेसी के तहत दो करोड़ 44 लाख रुपये का घोटाला हुआ है। 150 रुपये फीस में वृद्धि की गई है। छात्रों ने आरोप लगाया कि कुलपति छात्रों से मिलते ही नहीं है। ऐसे कुलपति जो महामना और विवि के मूल्यों की रक्षा नहीं कर सकते, उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। इसके पहले छात्रों ने निलंबित शोध छात्रों के समर्थन और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ पर्चे भी बंटवाये थे। छात्रों ने चेताया कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो इसके बाद बड़े आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी।

बीएचयू में 12 दिसम्बर को पांच शोध छात्रों को 14 दिन के लिए निलंबित कर दिया गया था। उन पर आरोप था कि सुरक्षाधिकारियों के साथ धक्कामुक्की कर अनुशासनहीनता की थी। निलम्बित छात्रों में मृत्युंजय तिवारी, पालि और बौद्ध दर्शन में शोध छात्र वैभव कुमार तिवारी, अर्थशास्त्र विभाग के छात्र आशीर्वाद दूबे आदि शामिल हैं।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular