Friday, March 27, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबीएचयू में छात्रवृत्तियां स्थापित करने के लिए कलिपटनापू फाउंडेशन देगा एक करोड़...

बीएचयू में छात्रवृत्तियां स्थापित करने के लिए कलिपटनापू फाउंडेशन देगा एक करोड़ रुपये

– रसायनशास्त्र में स्नातक व परा स्नातक विद्यार्थियों को दी जाएंगी छात्रवृत्तियां

वाराणसी (हि.स.)। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) ने “कलिपटनापू फाउंडेशन” के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किये हैं, जिसके तहत विश्वविद्यालय स्थित रसायन शास्त्र के स्नातक व परास्नातक विद्यार्थियों के लिए 40 छात्रवृत्तियां स्थापित की जाएंगी। फाउंडेशन बीएचयू के पूर्व छात्र व शिक्षक रहे कलिपटनापू कोंडिया की स्मृति में यह छात्रवृत्तियां आरंभ करने के लिए विश्वविद्यालय को एक करोड़ रुपये की धनराशि देगा।

बीएचयू कुलपति प्रो. सुधीर कुमार जैन की उपस्थिति में कुलसचिव प्रो. अरुण कुमार सिंह तथा इंदुशेखर राव ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किये। इस दौरान इन्दुशेखर राव की पत्नी, चैतन्य कलिपटनापू तथा भतीजी समेत कोंडिया परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे। इस अवसर पर चैतन्य ने कहा कि किसी भी विद्यार्थी के लिए अपने विश्वविद्यालय के प्रति आभार व्यक्त करने का सबसे उत्तम माध्यम है, ‘पे फारवर्ड’ के विचार से शिक्षा के लिए योगदान करना।

उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों की आने वाली पीढ़ियों के लिए योगदान देना ही ‘पे फारवर्ड ’ है। कुलपति प्रो. सुधीर कुमार जैन ने शिक्षा अर्जन के लिए विद्यार्थियों के प्रयासों को सहयोग के लिए दानराशि देने पर कोंडिया परिवार का धन्यवाद जताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के योगदान प्रतिभावान, ज़रूरतमंद, तथा वंचित परिवारों से आने वाले विद्यार्थियों को अच्छी शिक्षा उपलब्ध कराने के काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के लक्ष्यों की प्राप्ति में सहयोग करते हैं।

श्रीधर/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular