Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबीएचयू के नवागत कुलपति पद्मश्री प्रो. सुधीर कुमार जैन ने कार्यभार संभाला

बीएचयू के नवागत कुलपति पद्मश्री प्रो. सुधीर कुमार जैन ने कार्यभार संभाला

वाराणसी (हि.स.)। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के नवागत कुलपति पद्मश्री प्रो. सुधीर कुमार जैन ने दर्शन पूजन के बाद शुक्रवार को विधिवत अपना कार्यभार संभाल लिया। आईआईटी गांधीनगर के निदेशक पद्मश्री प्रोफेसर सुधीर कुमार जैन ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद अपने ट्वीटर एकाउंट के जरिये इसकी जानकारी दी। विश्वविद्यालय के 28वें कुलपति प्रो. जैन कार्यभार ग्रहण करने के बाद कार्यालय में भी बैठे।

इसके पहले कार्यवाहक कुलपति और रेक्टर प्रो. वी.के. शुक्ला ने अपना दायित्व प्रो. जैन को सौंपा।

बीते गुरुवार को अहमदाबाद से शहर में आये कुलपति प्रो. जैन ने काशी की परम्परा के अनुसार बाबा कालभैरव और श्री काशी विश्वनाथ का दर्शन पूजन करने के बाद बीएचयू में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय के मूर्ति पर माल्र्यापण कर वरिष्ठ प्रोफेसरों और विश्वविद्यालय के अफसरों से मुलाकात की। वीसी लाज में विश्वविद्यालय के प्रमुख सदस्यों ने उनका अभिनंदन किया। शाम को कुलपति ने अस्सीघाट जाकर सांयकालीन गंगा आरती भी देखी।

आईआईटी गांधीनगर के निदेशक प्रो. जैन को 13 नवम्बर को बीएचयू के कुलपति के रूप में नियुक्त किया गया था। इसके बाद दिसम्बर के दूसरे सप्ताह में 06 दिन तक बीएचयू में रहने के बाद नवनियुक्त कुलपति ने शिक्षकों, अधिकारियों से मुलाकात करने के साथ ही छात्रावास का निरीक्षण किया था।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular