-कोरोना संकट को देख विश्वविद्यालय प्रशासन ने ऑफलाइन कक्षाओं को किया स्थगित, होली अवकाश भी घोषित
वाराणसी (हि.स.)। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) परिसर में मंगलवार से होली का अवकाश घोषित होने के बावजूद छात्रों के एक गुट ने केन्द्रीय कार्यालय के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। कोरोना संकट को गहराते देख छात्रावास खाली करने के विश्वविद्यालय प्रशासन के निर्देश से नाराज छात्रों ने केन्द्रीय कार्यालय के मुख्य द्यार पर ताला भी लगा दिया। छात्रों के प्रदर्शन की जानकारी पर मौके पर सदल बल पहुंचे चीफ प्राक्टर प्रो. आनंद चौधरी और छात्र अधिष्ठाता प्रो. एम के सिंह ने छात्रों को समझा बुझा कर शांत कराया। इसके पहले भी छात्र विश्वविद्यालय को पूर्ण रूप से खोलने की मांग कर धरना प्रदर्शन कर चुके है। बताते चलें ,छात्रावासों में कोरोना संक्रमण और परिसर स्थित सर सुन्दरलाल चिकित्सालय में कोविड-19 मरीजों की बढ़ती संख्या देख विश्वविद्यालय प्रशासन ने होली अवकाश घोषित कर आफलाइन कक्षाओं को भी अगले आदेश तक के लिए स्थगित कर दिया है।
छात्रावास में रह रहे छात्रों से अपील की गई है कि संक्रमण से बचने के लिए अपने घर चले जाएं। सभी कक्षाएं पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार ऑनलाइन मोड में ही चलेंगी। विश्वविद्यालय के जनसम्पर्क अधिकारी प्रो.राजेश सिंह ने बताया कि अप्रैल के पहले सप्ताह में स्थिति की एक बार फिर समीक्षा की जाएगी। इस बारे में लिए गए निर्णय को छात्रों व उनके माता-पिता/अभिभावकों को विश्वविद्यालय की वेबसाइट एवं प्रेस एवं मीडिया के माध्यम से सूचित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कोविड-19 मामलों में हर रोज़ इज़ाफा देखने को मिल रहा है और अगले कुछ दिनों में इन मामलों में और बढ़ोतरी होने की आशंका है जताई जा रही है। ऐसे में छात्रों की सुरक्षा के मद्देनज़र विश्वविद्यालय प्रशासन ने सलाह दी है कि वे अपनी पठन सामग्री के साथ अपने अपने घरों को चले जाएं । स्थिति के और गंभीर होने की सूरत में वे घर से ही ऑनलाइन कक्षाओं के माध्यम से पढ़ाई करते रहें। आवश्यकता पड़ने पर ऑनलाइन परीक्षाएं आयोजित की जा सकती हैं, जिन्हें छात्र घर से ही दे सकते हैं। उन्होंने बताया कि कैंपस में होने वाले होली मिलन समारोह और भीड़ जुटाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
बीएचयू केन्द्रीय कार्यालय पर छात्रों ने दिया धरना, छात्रावास खाली करने के निर्देश से नाराज
RELATED ARTICLES
