Wednesday, March 11, 2026
Homeराज्यबिहार में सात महत्वपूर्ण परियोजनाओं का पी एम मोदी करेंगे उद्घाटन

बिहार में सात महत्वपूर्ण परियोजनाओं का पी एम मोदी करेंगे उद्घाटन

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 सितम्बर को बिहार में शहरी सुविधाओं से जुड़ी सात महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास वर्चुअल माध्यम से करेंगे। इनमें से चार परियोजनाएं जल आपूर्ति से संबंधित है, दो परियोजनाएं सीवरेज ट्रीटमेंट के लिए तथा एक परियोजना रिवर फ्रंट डेवलपमेंट से सम्बंधित है। इन सभी परियोजनाओं की लागत 541 करोड़ है। सभी परियोजनाओं का क्रियान्वयन बिहार के नगर विकास एवं आवास विभाग के अधीन बुडको द्वारा किया जा रहा है। इस मौके पर बिहार के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे। 

पटना नगर निगम के तहत बेऊर में नमामि गंगे योजना अंतर्गत बनाए गए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का उद्घाटन किया जायेगा। पटना नगर निगम क्षेत्र में ही करमलीचक में नमामि गंगे योजना के अंतर्गत बनाए गए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का उद्घाटन किया जायेगा। सीवान नगर परिषद में और छपरा नगर निगम के क्षेत्र में अमृत योजना के अंतर्गत जलापूर्ति योजनाओं का लोकार्पण होगा। इन दोनों योजनाओं के तहत स्थानीय नागरिकों को चौबीसों घंटे पीने का शुद्ध जल मिलेगा। नमामि गंगे योजना के अंतर्गत मुजफ्फरपुर रिवर फ्रंट डेवलपमेंट योजना का शिलान्यास किया जायेगा जिसके अंतर्गत मुजफ्फरपुर शहर के तीन घाटों (पूर्वी अखाड़ा घाट, सीढ़ी घाट, चन्दवारा घाट) का विकास किया जायेगा।
रिवर फ्रंट पर कई प्रकार की मूलभूत सुविधायें उपलब्ध होगी, जैसे- शौचालय, इनफार्मेशन कियोस्क, चेंजिंग रूम, पाथवे, वाच टावर इत्यादि। उक्त घाटों पर आकर्षक साइनेज, सुरक्षा व्यवस्था एवं पर्याप्त रोशनी भी उपलब्ध होगी। रिवर फ्रंट का निर्माण हो जाने से घाटों का मनोरम दृश्य के साथ ही पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा, जो मुजफ्फरपुर वासियों के लिए भविष्य में आकर्षण का केन्द्र साबित होगा। 

RELATED ARTICLES

Most Popular