Sunday, February 15, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबिना विलंब किए पीड़ित की मदद करें : योगी

बिना विलंब किए पीड़ित की मदद करें : योगी

– जनता दर्शन में सीएम योगी आदित्यनाथ ने सुनीं लोगों की समस्याएं

– अधिकारियों को दिए गुणवत्तापूर्ण व संतुष्टिप्रद निस्तारण के निर्देश

गोरखपुर(हि.स.)। गोरखपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लगातार दूसरे दिन जनता दर्शन में लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं। त्वरित निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को हिदायत देते हुए कहा कि पीड़ितों की मदद और पात्रों को शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने में विलंब नहीं होना चाहिए। कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई दिक्कत आ रही है तो उसका पता लगाएं और समय से निराकरण करें। जानबूझ कर प्रकरण को लंबित रखा गया है तो वहां जिम्मेदारी सुनिश्चित कर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई करें।

जमीन कब्जे के मामलों को सख्ती से निपटाएं

कुछ प्रकरणों पर मुख्यमंत्री ने अफसरों को निर्देशित किया कि यह भी पता लगाएं कि यदि किसी को प्रशासन का सहयोग नहीं मिला है तो ऐसा क्यों और किन कारणों से हुआ। हर पीड़ित की त्वरित मदद की जाए। उन्होंने जमीन कब्जाने की शिकायतों पर विधि सम्मत कठोर कदम उठाने की हिदायत दी। इधर, जनता दर्शन में कई लोग इलाज में आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे। सीएम योगी ने अधिकारियों से कहा कि जल्द से जल्द अस्पताल के इस्टीमेट की प्रक्रिया पूर्ण कराकर शासन को उपलब्ध करा दें। इलाज के लिए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पर्याप्त मदद की जाएगी। जनता दर्शन में कुछ महिलाएं बच्चों के साथ पहुंची थीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों से आत्मीयता पूर्वक बात कर उनकी पढ़ाई के बारे में पूछा। उन्हें खूब पढ़ने, आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया और दुलारते हुए उन्हें चॉकलेट गिफ्ट किया।

मंदिर की गोशाला में मुख्यमंत्री ने की गोसेवा

मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री गोरखनाथ मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए मंदिर की गोशाला भी पहुंचे। यहां उन्होंने गोवंश को दुलारा और उनकी सेवा की। मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से गोवंश को गुड़-पूड़ी खिलाया और गोशाला के स्वयंसेवकों को जरूरी निर्देश दिए।

डॉ. आमोदकांत /मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular