Thursday, April 2, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबिना नक्शा पास कराए बन रहे तीन भवनों को किया सील, नोटिस...

बिना नक्शा पास कराए बन रहे तीन भवनों को किया सील, नोटिस जारी

– विनियमित क्षेत्र प्राधिकारी ने की बड़ी कार्रवाई

हरदोई (हि.स.)। विनियमित क्षेत्र में बिना नक्शा पास कराए बन रहे तीन भवनों को विनियमित क्षेत्र प्राधिकारी एसडीएम सदर स्वाति शुक्ला ने शुक्रवार को सील करते हुए नोटिस जारी किया है। इस कार्यवाही से शहर के आसपास धड़ल्ले से हो रही प्लाटिंग कर रहे ठेकेदारों में हड़कंप मच गया है।

एसडीएम सदर व विनियमित प्राधिकारी स्वाति शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि शाहजहांपुर रोड पर बिना नक्शा पास कराए तीन भवन मालिक निर्माण कार्य करा रहे थे, जिसे रोक दिया गया है। तीन भवनों को सील करने की कार्रवाई की गई हैं।

उन्होंने बताया कि दो भवनों के मालिकों ने नक्शा स्वीकृत के लिए आवेदन किया था, मगर स्वीकृति मिले बिना ही निर्माण कार्य करा रहे थे। जबकि एक अन्य भवन स्वामी के द्वारा नक्शा पास कराने के लिए आवेदन तक नहीं किया गया था। भवनों को सील करके निर्माण कार्य रोक दिया गया है तथा इन भवन मालिकों को नोटिस जारी की गई है।

एसडीएम सदर की इस कार्रवाई से शहर के आसपास क्षेत्र में भूखंडों की बिक्री धड़ल्ले से कर रहे ठेकेदारों में हड़कंप मच गया है। इस मौके पर उनके साथ क्षेत्राधिकारी नगर विनोद कुमार द्विवेदी और पुलिस बल मौजूद रही।

अम्बरीष

RELATED ARTICLES

Most Popular