आगरा (हि.स.)। आगरा के थाना न्यू आगरा में बिना एनओसी चल रही जूता फैक्ट्री में आज सुबह आग लग गयी। केमिकल होने के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया । सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फैक्ट्री मालिक की तरफ से इस मामले में कोई भी बयान सामने नहीं आया है।
मामला आगरा थाना न्यू आगरा के दयालबाग अंतर्गत केंद्रीय हिंदी संस्थान 100 फुटा रोड पर स्थित तक्षशिला कालोनी की गली नम्बर 1 का है। जानकारी के अनुसार यहाँ भोलू नामक एक व्यक्ति की जूते के सोल बनाने की फैक्ट्री है। जानकारी के अनुसार आज सुबह करीबन साढ़े पांच बजे के आस-पास जूता फैक्ट्री में अचानक आग लग गयी और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
अचानक लगी इस विकराल आग के कारण आस- पास के लोग दहशत में आ गए। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मामले में मिली जानकारी के अनुसार फैक्टरी के बिना एनओसी चलाये जाने की बात सामने आ रही है। पुलिस फिलहाल इस मामले में फैक्ट्री मालिक के खिलाफ कार्यवाही करने की तैयारी में है। फैक्ट्री मालिक ने इस मामले में किसी भी प्रकार का बयान देने से मना कर दिया है।
श्रीकांत
