– जेई के साथ की डण्डों से मारपीट
फिरोजाबाद (हि.स.)। थाना शिकोहाबाद क्षेत्र के मोहल्ला गढ़ैया में चोरी से बिजली जलाने की सूचना पर चेकिंग करने गई टीम के साथ गुरूवार को कुछ लोगों ने मारपीट कर दी। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट मुकदमा दर्ज कर एक को गिरफ्तार कर लिया है।
लाईन लास को लेकर विद्युत विभाग की टीम जगह चेकिंग कर रही है। जिससे कटिया डालकर चोरी कर रहे लोगो रोक लगाई जा सके। गुरूवार को नौशहरा फीडर के जेई अनिल कुमार व लाइनमेन शेर सिंह, अंकित, सर्वेश कुमार, रोहित, अतुल के साथ मौहल्ला गढ़ैया में चेकिंग कर रहे थे। जेई अनिल कुमार ने बताया कि चेयरमैन के मकान के समसुउदीन के मकान के पास एलटी लाइन केबल में कील लगी थी और इसी से केबल जोड़कर चोरी से बिजली जलाई जा रही थी। मौके पर लगी बिजली केबल को हटाने के लिए संविदा कर्मचारी शेर सिंह और सर्वेश कुमार छत पर चढ़ गए।
आरोप है कि केबल हटाने के दौरान ही समसुउदीन के पुत्र नईम, नदीम ने बिजली कर्मचारियों की डंडे से पिटाई शुरू कर दी। इन तीनों ने मेरे साथ मारपीट कर दी तथा हाथ में पकडे सरकारी कागजो को भी फाड़ दिया। इससे मारपीट में कर्मचारियों व मुझे चोटें आ गईं। मौका देखकर जेई ने पुलिस को 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने विद्युत कर्मचारियों को बचाया। इस मामले में जेई की तहरीर पर पांच लोगो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
थाना प्रभारी शिकोहाबाद उदयवीर मलिक ने बताया कि जेई की तहरीर पर समीर, समसुउदीन, नईम, नदीम, सारिक निवासी मोहल्ला गढ़ैया सहित पांच लोगो के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकद्दमा दर्ज कर एक आरोपी समीर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
कौशल
