कानपुर (हि.स.)। कानपुर जिले में अनियंत्रित विद्युत कटौती को लेकर समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने हाथ पंखा लेकर अनोखा प्रदर्शन किया। सपा कार्यकर्ताओं ने इस दौरान केसा मुख्यालय पर जमकर नारेबाजी करते हुए योगी सरकार व ऊर्जा मंत्री पर निशाना साधा और भीषण गर्मी में हो रही कटौती का जिम्मेदार सरकार को बताया। कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए कहा कि जो सरकार बिजली ना दे सके वह सरकार निकम्मी है जैसे नारे लगाए।
समाजवादी पार्टी के विधायक अमिताभ बाजपेई ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कानपुर शहर के निवासी रात भर बिजली कटौती से परेशान हो रहे हैं और दिन की बात करें तो फाल्ट की झड़ी लगी रहती है। केस्को के हालात इतने खराब हैं कि फाल्ट ठीक कराने के लिए पूर्ण संसाधन भी नहीं है। बस बिजली के दामों में बढ़ोतरी होती जा रही है और आम आदमी को बिजली नहीं मिल पा रही है। जबकि चुनाव से पहले सरकार ने वादा किया था कि बिजली के दाम आधे कर देंगे 24 घंटे बिजली देंगे लेकिन ऐसा कुछ भी कर नहीं पा रहे हैं। आम आदमी को अगर मीटर तक लगवाना होता है तो केस्को कर्मचारी उससे मीटर लगाने के नाम पर भी वसूली करते हैं।
सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ने कहा कि पिछले 5 साल में सरकार ने जितने वादे किए सारे वादे खोखले थे। ना ही पिछले 5 साल में कोई विकास करा पाए और ना ही आम जनता को पूर्ण बिजली दे पाएं। बस यह सुनने को मिलता है कि खपत बढ़ने से कोयले की दिक्कत हो रही है। मुझे समझ में नहीं आता है की, गर्मी आने के पहले अधिकारी क्या कर रहे थे, क्या उन्हें नहीं पता था कि गर्मी में खपत बढ़ जाती है। इसलिए पहले से ही कोयले का इंतजाम करके रखना चाहिए था।
इस सरकार ने सिर्फ जनता से खोखले वादे किए हैं और जनता की जो मूलभूत सुविधाएं हैं उन्हें पूरा करने में भी यह सरकार विफल हो रही है। विधायक ने कहा कि जनता के हितों के लिए संघर्ष जारी रहेगा इस प्रदर्शन का मकसद सीधे-सीधे बिजली विभाग के अधिकारियों को जगाना है और अगर बिजली समस्या ठीक नहीं हुई तो जनता से जुड़े मुद्दे को लेकर लगातार प्रदर्शन जारी रहेंगे।
महमूद
