Friday, February 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबिजनौर: रबड़ फैक्ट्री हादसे का मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान, रिपोर्ट मांगी

बिजनौर: रबड़ फैक्ट्री हादसे का मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान, रिपोर्ट मांगी

बिजनौर (हि.स.)। जनपद के नगीना मार्ग पर एक रबड़ फैक्ट्री में हुए हादसे में एक श्रमिक की मौत हो गई, जबकि दो गम्भीर रूप से झुलस गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का संज्ञान लिया और अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के नगीना मार्ग पर 18 जून को देव रबड़ फैक्ट्री में अचानक उसके बायलर से गर्म भाप लीक होने से फैक्ट्री के तीन श्रमिक झुलस गए। फैक्ट्री प्रबंधन ने मामले को दबाने के लिए तीनों श्रमिकों को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करा दिया। एक श्रमिक प्रभात शर्मा निवासी रावणपुर गांव की हालत गम्भीर होने पर दिल्ली रेफर कर दिया गया। जहां सफदरजंग अस्पताल में उसकी मौत हो गई। जबकि दो अन्य घायलों सुरेश निवासी गंगावाला गांव और सुभाष निवासी गंगोड़ा शेख का बिजनौर के बीना प्रकाश अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया जाता है कि इसके बाद फैक्ट्री प्रबंधन ने पीड़ित पक्ष से समझौता कर लिया। पुलिस व प्रशासन को इसकी सूचना नहीं दी गई। 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का संज्ञान लिया और अधिकारियों को मौके पर पहुंच कर राहत कार्य करने के निर्देश दिए। घायलों के उपचार की समुचित व्यवस्था कराने के साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के संज्ञान लेते ही रविवार को अपर जिलाधिकारी भगवान शरण, पुलिस अधीक्षक नगर प्रवीण रंजन और क्षेत्राधिकारी नगर कुलदीप गुप्ता ने फैक्ट्री पहुंचकर जांच शुरू कर दी। फैक्ट्री के मैनेजर दिवाकर झा और कर्मचारियों से पूंछतांछ की गई। परिजनों ने मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस की टीम को मृतक के गांव भेजा गया है।  पुलिस अधीक्षक नगर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। घायलों का बेहतर उपचार कराया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular