Thursday, March 5, 2026
Homeमंडललखनऊ मंडलबारिश से सड़क धंसने से गढ्डे में गिरी कार, सपा ने ट्वीट...

बारिश से सड़क धंसने से गढ्डे में गिरी कार, सपा ने ट्वीट कर घेरा

लखनऊ(हि.स.)। बारिश के बीच लोक निर्माण विभाग और नगर निगम की लाख कोशिशों के बावजूद लखनऊ शहर में सड़कें दुरुस्त नहीं हो पा रही है। कचहरी से बलरामपुर अस्पताल की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर मंगलवार को एक बड़ा गड्ढा हो गया। इस गढ्डे में अस्पताल की ओर से आ रही एक कार जा गिरी। सड़क के गड्ढे में कार गिरने पर समाजवादी पार्टी (सपा) ने ट्वीट कर भाजपा सरकार पर तंज कसा है।

लखनऊ शहर में स्मार्ट सिटी के कार्य के दौरान जगह-जगह पर सीवर के टैंक और पाइप के नवीनीकरण का कार्य हुआ है। इसमें सीवर टैंक बनाते हुए आसपास की मिट्टी को मजबूती से एकत्रित नहीं किया जा रहा है। यही कारण है कि शहर के कई हिस्सों में सीवर के आसपास इन दिनों बारिश के चलते सड़कों पर गड्ढ़े होने का सिलसिला जारी है। ऐसा ही मामला आज फिर सामने आया और कचहरी से बलरामपुर अस्पताल की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर अचानक बड़ा गढ्डा हो गया। इस बीच सड़क से गुजर रही एक कार उसमें जा गिरी। गनीमत यह रही कि चालक ने ब्रेक लगाने से कार का अगला हिस्सा ही गढ्डे में गया था और राहगीरों ने उसे बाहर निकाल लिया।

बीते दिनों भी बारिश के बीच इंदिरा नगर में भी सीवर के बगल की मिट्टी धसने से सड़क में गढ्डा हो गया था। इसी तरह का नजारा लखनऊ विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार के बगल से निकल रहे बाईपास सड़क पर भी देखने को मिला था।

गढ्डे को लेकर सपा ने किया ट्वीट

समाजवादी पार्टी (सपा) ने ट्वीट किया और कहा कि सड़क पर गढ्डे में घुसी कार, बारिश में खुला भाजपाई भ्रष्टाचार! बलरामपुर अस्पताल के पास सड़क धंसी, गाड़ी गढ्डे में फंसी। भाजपा सरकार में सड़कों के निर्माण में भ्रष्टाचार की देन है ये बड़े-बड़े गढ्डे, शर्मनाक। इन सड़कों की जांच कब कराएगी सरकार ?

महापौर के प्रयास, सड़क मरम्मत की आस

महापौर सुषमा खर्कवाल प्रतिदिन नगर निगम की समस्याओं को लेकर सड़क पर उतर रही हैं। सड़कों के मरम्मत की शिकायतों पर महापौर अपना प्रयास कर रही हैं। इसके लिए महापौर ने लोक निर्माण विभाग से समन्वय बैठाने का प्रयास भी किया है। पूर्व में महापौर ने मंत्री जितिन प्रसाद से भी मुलाकात की थी।

शरद/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular