Wednesday, April 1, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाबारिश ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, शहर से लेकर गांव तक जल प्रलय...

बारिश ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, शहर से लेकर गांव तक जल प्रलय जैसे हालात, प्रशासन ने जारी किया हाई अलर्ट

-बिगड़े हालात की वजह से स्कूल-कॉलेजों में एक दिन की गयी छुट्टी

गोंडा (हि.स.)। जिले में लगातार दो दिनों से हो रही बारिश ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। पिछले 24 घंटों में 314 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में भारी बारिश की चेतावनी जारी किया है। भीषण बारिश को देखते हुए सभी स्कूल कॉलेज बंद कर दिए गए।

दो दिनों से हो रही भीषण बरसात से शहर से लेकर गांव तक जल प्रलय जैसे हालात दिखने लगे हैं। मूसलधार बारिश से एक तरफ जहां पूरा शहर पानी-पानी दिख रहा है, वहीं शहर की गलियों और चौराहों में एक से दो फिट तक जलभराव हो गया है। शहर के निचले हिस्से की कालोनियों के घरों व दुकानों में पानी घुस गया है। नगर के जानकी नगर मोहल्ले में जलभराव के कारण कारें पानी में डूब गयीं। बारिश को लेकर अगले 24 घंटे में हाई अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने गोंडा को रेड जोन में घोषित किया है। जिलाधिकारी उज्ज्वल कुमार ने शहर के जलभराव वाले स्थानों का निरीक्षण कर नगर पालिका को जलभराव से निपटने के लिए समुचित व्यवस्था कराने के निर्देश दिए हैं। बारिश के मद्देनजर सभी स्कूल कॉलेज बंद कर दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि बारिश को लेकर पहले भी हाई अलर्ट जारी किया गया था। जिले में दो दिनों से भारी बारिश हो रही है। 314 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई है। बारिश को लेकर जिला रेड जोन में पहुंच गया है। उन्होंने जनपद वासियों से अपील करते हुए कहा है कि जो मकान जर्जर स्थिति में हैं, उसमें निवास न करें। ताकि किसी अप्रिय स्थिति का सामना न करना पड़े। तथा इस संदेश को एक दूसरे तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि शहर से लेकर गांव तक कहीं जलभराव की स्थिति है। तो तत्काल जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करें। कहा कि शहर में निरीक्षण के दौरान कई जगह भारी जलभराव की स्थिति दिखी है। इसको लेकर नगर पालिका को निर्देशित किया गया है। नगर पालिका के कर्मचारी जलभराव से निजात दिलाने के लिए प्रयास कर रहे हैं।

तेज हवाओं के साथ हुई तूफानी बारिश से फसलों को पहुंचा भारी नुकसान

तेज हवाओं के साथ हुई भीषण बारिश के कारण धान व गन्ना की फसलें खेतों में गिर गई हैं। इससे काफी नुकसान का अंदाजा लगाया जा रहा है। खरीफ की प्रमुख फसल धान कुछ किसानों की तैयार हो गई थी। वह पानी में उतरा रही है। इसको लेकर किसान काफी परेशान नजर आ रहे हैं। मूसलधार बारिश से फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। किसानों का कहना है कि उधर सूखे के कारण धान की फसल काफी प्रभावित हुई थी। किसी तरह निजी संसाधनों के बलबूते फसल तैयार किया गया। अब भारी बरसात होने के कारण फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है।

महेन्द्र

RELATED ARTICLES

Most Popular