लखनऊ (हि.स.)। प्रदेश में एक सप्ताह की बारिश ने ही एक माह का कोटा पूरा कर दिया है लेकिन बारिश की अनियमितता ने किसानों को परेशान जरूर किया है। कहीं औसत से अधिक तो कई जिलों में अब भी औसत से बहुत कम बारिश हुई है। पूरे प्रदेश में सामान्य से छह मिमी अधिक बारिश दर्ज की गयी है।
मौसम विभाग की ओर से सोमवार को जारी आंकड़ों के अनुसार पूरे प्रदेश में 5.5 मिमी बारिश हुई। इस दिन की सामान्य वर्षा 5.7 है अर्थात सामान्य से 0.2 मिमी कम वर्षा हुई है। इस वर्ष की कुल बारिश 119.4 मिमी है, जबकि सामान्य बारिश अब तक की 112.5 मिमी. मानी जाती है। 6.9 मिमी. बारिश अधिक हुई है। कुशीनगर में अब तक 70 प्रतिशत कम बारिश हुई। संतकबीरनगर में 15 प्रतिशत, कौशांबी में 58 प्रतिशत, मिर्जापुर में 59 प्रतिशत कम बारिश दर्ज हुई है। श्रावस्ती में भी 55 प्रतिशत कम बारिश हुई है। वहीं फिरोजाबाद, एटा, हाथरस आदि ऐसे जिले हैं, जहां औसत वर्षा से काफी अधिक बारिश हुई है।
इस संबंध में मौसम विज्ञान केंद्र के सेवा निवृत्त निदेशक डाॅ. जे.पी. गुप्ता का कहना है कि यह प्रदूषित होते वायुमंडल का प्रभाव है। इसको गहराई से देखा जाए तो एक ही जिले में कहीं अधिक बारिश तो कहीं कम बारिश से लोग प्रभावित हैं। बारिश की अनियमितता किसानों को अधिक प्रभावित करती है।
उपेन्द्र/दिलीप
