Sunday, April 5, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबारिश और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान, मौसम हुआ ठंडा

बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान, मौसम हुआ ठंडा

मेरठ(हि.स.)। पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश हो रही है और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि हुई है। इससे गेहूं और सब्जी की फसल पर बुरा असर पड़ेगा। मेरठ समेत आसपास के जिलों में तेज हवा चलने से गेहूं की फसल को नुकसान होने के आसार है। बारिश के कारण तापमान कम होने से मौसम ठंडा हो गया। सरधना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में बिजली गिरने से मकान ढह गया।

मौसम के मिजाज में एकाएक बदलाव आने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शनिवार को बारिश और ओलावृष्टि हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में यह बदलाव आया है। शनिवार को मेरठ समेत आसपास के जिलों में गरज और तेज हवा के साथ बारिश हो रही है। कुछ स्थानों पर ओले पड़ने से गेहूं की फसल पर बुरा असर पड़ रहा है। मौसम में बदलाव आने से दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इससे मौसम ठंडा होने से लोगों ने राहत की सांस ली है।

सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विवि के प्रो. आरएस सेंगर का कहना है कि बारिश के कारण गेहूं की फसल को नुकसान होने के आसार है। तेज हवा के साथ बारिश होने के कारण गेहूं की फसल गिरने की खबर है। इससे गेहूं का उत्पादन प्रभावित हो सकता है। इस बारिश से सब्जी की फसल भी प्रभावित होने के आसार है। सरसों की फसल में नमी आने से उसे भी नुकसान होने के आसार है।

बहादुरपुर गांव में आकाशीय बिजली गिरने से मकान ढहा

खराब मौसम के चलते मेरठ जनपद में कई स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरी। सरधना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में एक किसान के मकान पर आकाशीय बिजली गिरने से मकान ढह गया। सरधना एसडीएम पंकज राठौर के मुताबिक, नुकसान का आकलन करके रिपोर्ट भेजी जाएगी।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular