लखनऊ (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष मनजीत सिंह ने भारी बारिश और ओलावृष्टि से हुई जनहानि और किसानों की हजारों एकड़ बर्बाद हो गई फसलों के प्रति गहरी चिंता व्यक्त की है। इस समस्या को लेकर उन्होंने कहा कि प्रदेश के इलाकों में भारी बारिश और आंधी से लोग असमय ही काल के गाल में समा गये और किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
श्री सिंह ने प्रदेश सरकार से मांग करते हुए कहा कि आकाशीय बिजली गिरने से जिन छह लोगों की जान चली गई है, उनके परिजनों को 50-50 लाख की आर्थिक सहायता तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। उन्होंने कहा कि असामयिक ओलावृष्टि से गेहूं, सरसों, मसूर व मटर की फसल के किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा क्योंकि कुदरत के कहर ने किसानों की खून पसीने से सींची हुई फसल को बर्बाद और तहस-नहस कर दिया है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक बोझ तले दबने को मजबूर होना पड़ेगा।
उन्होंने सरकार से यह भी मांग कि किसानों की बर्बाद हुई फसलों का आकलन कराकर उचित मुआवजा दिया जाए, जिससे किसान वर्ग को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि इतना ही नहीं भयानक ओलावृष्टि से आम की फसल पर प्रतिकूल असर पड़ा है। बागों में आम का बौर बिखर गया, जिससे आम की खेती करने वालों किसानों को भी भारी क्षति होने की सम्भावना है।
रालोद प्रदेश अध्यक्ष ने किसानों का दर्द बयां करते हुए कहा कि किसान पहले से ही सरकार की किसान विरोधी नीतियों से परेशान हाल था और अब कुदरत के कहर ने उनकी कमर तोड़ने का काम किया है। सरकार को किसानों को राहत पहुंचाने के लिए तत्काल कदम उठाने चाहिए।
मोहित वर्मा
