Sunday, March 22, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबाराबंकी: सराफा व्यापारियों पर फायर कर सोना-चांदी और नकदी लूटी

बाराबंकी: सराफा व्यापारियों पर फायर कर सोना-चांदी और नकदी लूटी

बाराबंकी : हैदरगढ़ क्षेत्र के लाही गांव के पास बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने दुकान बंद कर घर लौट रहे सराफा व्यापारी भाइयों पर फायर कर करीब तीन लाख रुपये का सोना-चांदी और नकदी लूटकर भाग गए। इस घटना में गोली बड़े भाई के सिर में लगी है और छोटे भाई को पिटाई की वजह से गंभीर चोटें आई हैं। सूचना पर पुलिस ने दोनों को गंभीर हालत में सीएचसी भेजा है। जहां से दोनों को लखनऊ रेफर कर दिया गया है।

शनिवार की देर शाम हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र के लाही गांव निवासी दो भाई दिलीप सोनी व दीपक सोनी नेरथुआ मोड़ पर अपनी सराफा की दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहे थे। लाही गांव संपर्क मार्ग पर पीछे से एक बाइक पर सवार तीन बदमाश पहुंचे और आगे बाइक लगा दी।

दोनों भाइयों के बाइक रोकते ही बदमाशों ने तमंचे से फायर कर दिया। सिर में गोली लगने से बाइक पर सवार दिलीप लड़खड़ाकर नीचे गिर गया। वहीं बदमाशों ने दूसरे भाई दीपक की लोहे के रॉड से जमकर पिटाई कर दी और उनके पास मौजूद बैग छीन लिया। बैग में दो किलो चांदी, दस ग्राम सोना व 50 हजार रुपये नकद रखे थे।

विरोध करने पर बदमाशों ने एक और फायर किया लेकिन गनीमत गोली नहीं लगी और बदमाश बाइक पर सवार होकर रायबरेली मार्ग की ओर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी भेजा जहां हालत गंभीर देख लखनऊ रेफर कर दिया गया है। कोतवाल ने बताया कि मामले की जांच कर बदमाशों की तलाश की जा रही है। जबकि सीओ नवीन कुमार का कहना है कि मेडिकल में गोली की चोट नहीं है, मामला लेन-देन का हो सकता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular