– एसपी बोले, बच्चा चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए लोगों को किया जाए जागरूक
बाराबंकी (हि.स.)। रामनगर के नथनापुर मोड पर एक बुजुर्ग पर बच्चा चोरी करने का आरोप लगाकर उसे जमकर पीटा। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
जिला अस्पताल में इलाज करा रहे टिकैतनगर के सोनबरसा निवासी 55 वर्षीय ऋषिकेश नथना पुर चौराहे के पास ग्रामीणों ने दबोच लिया। बच्चा चोर समझकर उसके कपड़े उतारे और रस्सी से बांधकर बहुत पीटा। एक राहगीर ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर कोतवाली पुलिस पहुंची और घायल को पुलिस रामनगर अस्पताल ले गई, जहां इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया।
कोतवाली प्रभारी बृजेश वर्मा ने बताया कि इस मामले में अंबरलाल, गुल्ले यादव, रामदेव सहित पांच अभियुक्तों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि कोई भी व्यक्ति बच्चा चोरी अफवाह में मारपीट करता है तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एसपी अनुराग वत्स ने बताया कि उनके संज्ञान में यह आया है कि बच्चा चोरी एवं किडनी निकालने जैसी अफवाहों के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में बुजुर्ग और रात्रि में आने-जाने वाले लोगों से मारपीट की घटनाएं घटित हो रही है। इस घटना को रोकने के लिए एसपी ने ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को गांव-गांव में गोष्ठी कर लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा पुलिस को सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर रखने को कहा है।
पंकज/दीपक
