बाराबंकी (हि.स.)। पिछले दो वित्तीय वर्षों के मनरेगा कार्यों का सोशल ऑडिट होगा। इसका अभियान चार जून से बीस जुलाई तक गांव-गांव चलेगा। इस बीच कार्यों के साथ भौतिक सत्यापन व लाभार्थियों,जॉब कार्ड धारकों से बातचीत कर उनकी राय भी जानी जाएगी।
ब्लॉक सभागर में डीडीओ अजय कुमार पांडेय, बीडीओ अमित कुमार त्रिपाठी,जिला कॉर्डिनेटर सादमा प्रवीन,जेई प्रकाश चंद के अलावा सभी ऑडिट टीम के सदस्यों व सचिवों,रोजगार सेवक,तकनीकी सहायकों के साथ मनरेगा से जुड़े सभी लोगों के साथ बैठक कर आडिट पूर्व सभी बिन्दुओं पर चर्चा हुई।
डीडीओ ने साफ कहा कि यदि किसी कार्य की पत्रावली नहीं मिली तो सीधे गबन मानकर कार्यवाही होगी। सचिव कार्यों की पत्रावलियों को ऑडिट टीम को उपलब्ध कराए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2020-2021 व 2021-2022 वित्तीय वर्ष के आवास व मनरेगा कार्यों की जांच होगी। रामनगर, सूरतगंज, सिरौली गौसपुर, सिधौर व हैदरगढ़ पहले चरण में लिए गए हैं। इसके बाद अन्य ब्लॉक लिए जाएंगे। मनरेगा में काम करने वालों से घर घर टीम के सदस्य पूछने जाएंगे कि काम किया था तो कितना पैसा मिला व कितने दिन काम किए। मनरेगा सोशल ऑडिट पिछले साल कोरोना के चलते नहीं हुआ था इसलिए इस बार दो सालों का ऑडिट होगा। बैठक में सभी सचिव, ऑडिट टीम सदस्य, एपीओ समेत अन्य मौजूद रहे।
पंकज/दीपक
