Wednesday, February 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबाराबंकी डीएम कार्यालय पर युवक ने खुद को लगाई आग

बाराबंकी डीएम कार्यालय पर युवक ने खुद को लगाई आग

बाराबंकी (हि.स.)। जिलाधिकारी कार्यालय पर बुधवार को एक युवक ने खुद को आग लगाकर जान देने का प्रयास किया है। झुलसी हालत में उसे इलाज के लिए सुरक्षा कर्मियों ने अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। डीएम ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।

रामनगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम डीह अशोकपुर चाचू सराय से जुड़ा है। यहां के रहने वाले जुबेर बकई की पत्नी जाहिदा खातून के नाम से प्रधानमंत्री आवास आवंटित हुआ था। जाहिदा खातून को प्रधानमंत्री आवास बनाने के लिए पहली किस्त के रूप में 22 सितम्बर 2023 को चालीस हजार रुपये मिले। उन्होंने निर्माण कार्य शुरू करवा दिया। अब दूसरी किस्त के लिए वह अधिकारियों के पास दौड़ रहा था। लेकिन अधिकारी उसकी सुनवाई नहीं कर रहे थे।

पीड़ित जुबेर ने आरोप लगाया कि गांव में उसे मिलाकर कुल तीन लोगों के प्रधानमंत्री आवास बनने थे। ग्राम पंचायत सचिव बीना कुमारी उससे जियो टैगिंग और अगली किस्त के लिए 10 हजार रुपये की घूस मांग रही थी। लेकिन वह काफी गरीब है और उसके सात छोटे-छोटे बच्चे हैं। वह किसी तरह एक पल्ली तानकर झोपड़ी में अपने परिवार के साथ रहता है। ऐसे में वह ग्राम पंचायत सचिव बीना कुमारी को घूस नहीं दे सका। जिसके चलते ग्राम पंचायत सचिव ने बाकी दो आवासों की जियो टैगिंग कर दी और उनकी अगली किस्त भी आ गई। लेकिन उसकी अगली किस्त आज तक नहीं आई है। सचिव उसे लगातार कई विवादों में उलझाती रहीं और उसके आवास को अवैध घोषित करवा दिया है। ऐसे में जब उसे इंसाफ नहीं मिला तब उसने खुद को आज आग लगा ली।

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ित जुबेर आज जनता दर्शन के दौरान यहां आया था। उसने यहां पर खुद को आग लगाने की कोशिश की थी। जांच करने पर पता चला है कि जुबेर की पत्नी जाहिदा खातून के नाम से पीएम आवास आवंटित हुआ था। जो सरकारी मार्ग पर बन रहा था। इसी के चलते अगली किस्त रोक दी गई थी। लेकिन आज पीड़ित की भूमि का लैंडयूज चेंज करवाकर उसका ई-पट्टा करके उन्हें उपलब्ध करवाया जा रहा है। इसके अलावा परिवार राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड उपलब्ध करवाया जा रहा है। साथ ही परिवार की हर संभव मदद की जा रही है।

डीएम ने बताया कि पीड़ित के आरोप पर ग्राम पंचायत सचिव को सस्पेंड कर दिया गया है। साथ ही पीड़ित की तहरीर पर एफआईआर भी दर्ज करवाई जा रही है।

पंकज/दीपक/सियाराम

RELATED ARTICLES

Most Popular