सुलतानपुर(हि.स.)। डीजे की धुन पर नाचते हुए बारातियों के अश्लीलता पर लड़की पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडे से पीट-पीटकर एक बाराती की हत्या कर दी। शादी का मंडप मातम में बदल गया। पुलिस ने वर पक्ष की तहरीर पर लड़की पक्ष पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
जिले के शिवगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत भरखरे गांव से गुरुवार को बारात चांदा कोतवाली के छापर गांव गई थी। जहां पर राम शकल की बेटी पूजा की शादी होनी थी। द्वार पूजा पर दूल्हे के साथ बारात में आए अनिल पुत्र रमेश जमकर नाच रहा था। आरोप है कि वह शराब के नशे में था और उसके द्वारा अश्लील हरकत पर लड़की पक्ष के लोग नाराज हो गए। इसके बाद उसे लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। अनिल की मौत के बाद शादी का माहौल मातम में बदल गया।
घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष रवि कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की।कोतवाल ने बताया कि बारात में नाचने को लेकर विवाद हुआ था और लड़की पक्ष की तरफ से आए लोगों ने लाठी-डंडे से एक बाराती को जमकर पीट दिया। जिसमें अनिल नाम के बाराती की मौत हो गई। बाराती पक्ष से मिली तहरीर पर लड़की पक्ष वालों के खिलाफ चार नामजद समेत कई अज्ञात पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
दयाशंकर
