Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेश बाबा कालभैरव मंदिर के समीप सार्वजनिक शौचालय की मांग,सपा ने सौंपा पत्रक

 बाबा कालभैरव मंदिर के समीप सार्वजनिक शौचालय की मांग,सपा ने सौंपा पत्रक

वाराणसी(हि.स.)। काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव मंदिर के समीप सार्वजनिक शौचालय की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधि मंडल मंगलवार को अपर नगर आयुक्त से मिला। अपर नगर आयुक्त को अपनी मांग का पत्रक सौंप कर कार्यकर्ताओं ने दर्शनार्थियों की इस मानवीय समस्या को बताया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रसिद्ध कालभैरव मंदिर में रोजाना पंद्रह से बीस हजार की संख्या में दर्शनार्थी दर्शन-पूजन के लिए आते हैं । इसमें विशेष रूप से महिलाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

महिलाएं स्थानीय नागरिकों से अनुनय- विनय कर उनके घरों के शौचालयों का मजबूरी में इस्तेमाल करती हैं या फिर उन्हें विशेश्वरगंज सब्जी मंडी के समीप सार्वजनिक शौचालय में जाना पड़ता है। महिलाएं दर्शन करने के लिए कतार में खड़े होकर घंटों इंतजार करती हैं। सार्वजनिक शौचालय न होने के कारण मायूस होकर लौट जाती हैं। कार्यकर्ताओं की इस शिकायत पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए अपर नगर आयुक्त ने कहा कि दर्शनार्थी की सुविधा के लिए जल्द से जल्द मंदिर के आसपास स्थान चिन्हित कर सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया जाएगा।

पत्रक सौंपने वालों में सपा के निवर्तमान महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा, जितेन्द्र यादव,कैन्ट विधानसभा की प्रत्याशी रही पूजा यादव,राजू यादव,प्रदीप जायसवाल, पार्षद मुमताज खान,पूर्व पार्षद शंकर विशनानी,पूर्व सचेतक हारुन अंसारी, पार्षद पूनम विश्वकर्मा,पार्षद प्रशांत सिंह पिंकू,पार्षद गोपाल यादव,पार्षद मिथिलेश साहनी,पार्षद शफीउज्जमा अंसारी, पार्षद राजेश पासी आदि शामिल रहे।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular