वाराणसी (हि.स.)। काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव का शनिवार को रूद्राक्षमयी अन्नकूट श्रृंगार देख श्रद्धालु निहाल हो गये। बाबा की रूद्राक्षमयी अद्भुत और अलौकिक स्वरूप का दर्शन पाने के लिए श्रद्धालु पूर्वांह से दरबार में पहुंचने लगे।
अलसुबह बाबा के विग्रह को पंचामृत स्नान के बाद नूतन वस्त्र धारण कराया गया। इसके बाद सवा लाख रूद्राक्ष से उनका श्रृंगार किया गया। फिर छप्पन प्रकार के व्यजंन, मदिरा का भोग लगाकर मंगला आरती की गई। इसके बाद मंदिर का पट आमजन के लिए खोल दिया गया।
मन्दिर के पुजारी सुनील दुबे, वैभव दुबे ने बताया कि आज बाबा का रुद्राक्षमयी अन्नकूट महोत्सव है। इस दिन बाबा के दर्शन से मानव को विशेष फल प्राप्त होता है। बाबा काल भैरव महादेव के रुद्र रूप हैं, इसलिए आज के दिन सवा लाख रुद्राक्ष की मालाओं से पूरे मंदिर परिसर और बाबा को सजाया गया है। कालभैरव सबकी मंशा पूर्ण करते है । काशी के कोतवाल हैं, इनके दर्शन पूजन से जीवन की सभी बाधाएं दूर होती है। मंदिर में दर्शन पूजन का सिलसिला देर शाम तक चलता रहेगा।
श्रीधर
