Sunday, March 8, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबाबरी ढांचा विध्वंस : सीबीआई की विशेष अदालत के फैसले का आरएसएस...

बाबरी ढांचा विध्वंस : सीबीआई की विशेष अदालत के फैसले का आरएसएस ने किया स्वागत


वाराणसी (हि.स.)। रामनगरी अयोध्या में छह दिसंबर, 1992 को बाबरी ढांचा विध्वंस मामले में बुधवार को सीबीआई की विशेष अदालत के ऐतिहासिक फैसले को लेकर बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में लोगों में जबरदस्त उत्साह है। शहर में जगह-जगह विभिन्न संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं ने ऐतिहासिक फैसले का स्वागत कर आतिशबाजी के बीच राहगीरों में मिष्ठान भी वितरित किया। 
विवादित ढांचा विध्वंस मामले में सभी 32 आरोपितों के बरी होने के फैसले का राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने भी स्वागत किया है। संघ के क्षेत्र प्रचार प्रमुख नरेंद्र सिंह, प्रांत प्रचार प्रमुख डॉक्टर मुरार त्रिपाठी, सह प्रांत प्रचार प्रमुख अंबरीश ने संयुक्त रूप से कहा कि फैसला वास्तव में न्याय की जीत है। निर्णय सर्वथा स्वागत योग्य है। न्यायालय के इस निष्पक्ष निर्णय से लोगों में न्याय के प्रति आस्था और बढ़ी है । 
उन्होंने कहा कि यह किसी तरह की साजिश नहीं बल्कि आकस्मिक घटना थी। इस निर्णय से यह सिद्ध हो गया है कि सत्य की ही जीत होती है। न्यायालय ने गहरी छानबीन के बाद दूध का दूध और पानी का पानी कर दिया है। सभी को न्यायालय के निर्णय का सम्मान करते हुए मिल जुल कर सामाजिक सद्भाव मजबूत करने के लिए प्रयास करना चाहिए। जिससे भारत पूरी दुनिया में एक महाशक्ति के रूप में अपना स्थान बना सकें। इसी क्रम में मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के लहरतारा स्थित हनुमान मंदिर के पास जुटे नागरिकों ने जय श्री राम के गगनभेदी नारेबाजी के बीच राहगीरों को मिठाई खिलाई। अगुवाई करने वाले केशव यादव ने कहा कि बाबरी विध्वंस मामले में 28 वर्षों के बाद आये फैसले का हमलोग स्वागत करते है। देश में न्याय की जीत है। 

RELATED ARTICLES

Most Popular