जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में पुलिस ने रविवार को पिता की हत्या कर शव छिपाने के आरोप में बेटे समेत दो अभियुक्तों को जेल भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने बताया कि बहराइच जिले के विशेश्वर गंज के ककरहवा रनिया पुर निवासी प्रवीण तिवारी ने कौड़िया थाने में बीते 16 अगस्त 22 को प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि गन्ना विभाग में पर्यवेक्षक पद से सेवानिवृत्त उनके पिता राम सेवक तिवारी रात में गांव से कौड़िया थाना क्षेत्र के घुचुवापुर स्थित दुकान पर सोने के लिए आए थे, किंतु सुबह घर नहीं लौटे। इस संबंध में पुलिस में अज्ञात के विरुद्ध हत्या कर शव छिपाने का अभियोग दर्ज किया था।
एसपी ने बताया कि घटना संदिग्ध प्रतीत होने पर गहनता से छानबीन के दौरान पता चला कि वादी मुकदमा ने स्वयं पैसों के लालच में आकर ग्राम घुचुवापुर मौजा कोचवा के अपने एक साथी राम कृपाल पाठक उर्फ बड़कऊ पुत्र रामफेरे पाठक के साथ मिलकर अपने पिता की हत्या कर दी तथा लाश को छिपाने के उद्देश्य से एक बोरी में भरकर उसे चादर से ढक कर आर्यनगर नहर पुलिया से फेंक दिया गया था। उन्होंने बताया कि रविवार को दोनो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्त रामकृपाल पाठक उर्फ बड़कऊ के पास से हत्या करने के लिये दिये गये 10 हजार रुपयों में से 4600 रुपये व हत्या के बाद लाश छिपाने के समय प्रयोग की गयी मोटर साइकिल व लाश को ढकने के लिये प्रयोग की गयी चादर बरामद कर लिया गया। उन्होंने बताया कि प्रकरण में विधिक कार्रवाई करते हुए दोनों अभियुक्तों को जेल भेज दिया गया।
