कानपुर (हि.स.)। मानसून की ट्रफ रेखा खिसकने से उत्तर प्रदेश में अब बारिश के बहुत ही कम आसार हैं, स्थानीय स्तर पर बूंदाबांदी की संभावना है। इसके साथ ही पछुआ हवाओं के चलने और तेज धूप से उमस भरी गर्मी बढ़ेगी। मौसम विभाग का कहना है कि आसमान में बादल तो छाएंगे लेकिन गतिमान रहेंगे। इससे तेज धूप लोगों को परेशान करेगी।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने बुधवार को बताया कि मानसून ट्रफ अभी भी हिमालय की तलहटी के करीब चल रहा है। यह अगले तीन से चार दिनों तक तलहटी में जारी रहेगा। इसके बाद इसका पूर्वी छोर दक्षिण की ओर बढ़ेगा। एक ट्रफ रेखा दक्षिण आंतरिक कर्नाटक से कोमोरिन क्षेत्र तक जा रही है। चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र मध्य प्रदेश के मध्य भागों पर औसत समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर है। इसलिए उत्तर प्रदेश में आगामी दिनों अब बारिश की संभावना बहुत कम है।
उन्होंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 35.0 और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 83 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 63 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 7.8 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में हल्के बादलों की आवाजाही के साथ चटक धूप निकलने के आसार हैं, किन्तु बारिश की कोई संभावना नहीं है।
अजय/सियाराम
