Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबाढ़ राहत कार्यों में लाए तेजी - मण्डल आयुक्त

बाढ़ राहत कार्यों में लाए तेजी – मण्डल आयुक्त

– समीक्षा बैठक में प्रभावित गांवों में शुद्ध पेयजल, फॉगिंग व स्वास्थ्य सुविधा बढ़ाने पर जोर

कुशीनगर(हि.स.)। जनपद में बाढ़ एवं अतिवृष्टि आपदा से निपटने के लिए राहत एवं बचाव कार्य की शुक्रवार को गोरखपुर के मण्डल आयुक्त रवि कुमार एनजी ने समीक्षा की।

शहर के एक होटल में आयोजित बैठक में आपदा, विद्युत, जिला पंचायतीराज विभाग, बाढ़ खण्ड, सिंचाई, जल निगम, पशुपालन, लोक निर्माण विभाग आदि विभागों की आपदा व राहत के दृष्टिगत बैठक हुई। इसमें विभाग के सभी अधिकारी उपस्थित थे।

आयुक्त ने जिला पंचायत राज अधिकारी से जिन गांवों में पानी निकल गया है, वहां छिड़काव, नियमित सफाई, खराब पड़े हैंड पम्प की मरम्मत, छोटे हैंड पम्प के पानी को गरम कर फिर ठंडा कर पीने की जन-जागरूकता फैलाने पर जोर दिया। निर्देशित किया कि जिलाधिकारी को ऐसे हर गांव पर एक नोडल अधिकारी नियुक्ति करें और प्रतिदिन की रिपोर्ट लें।

आयुक्त ने मुख्य चिकित्साधिकारी सुरेश पटारिया को प्रभावित हर गांव में मेडिकल कैम्प का आयोजन किये जाने का निर्देश दिया और गांव में एईएस-जेई के मामले को नियमित चेक कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिए।

अधिशासी अभियंता जल निगम अनुराग गौतम को बाढ़ प्रभावित गांवों में जल की गुणवत्ता परीक्षण करने और अधिशासी अभियंता बाढ़ खण्ड से बाढ़ की वर्तमान स्थिति के बारे में तथा किये जा रहे कार्यों की अद्यतन रिपोर्ट मांगी।

आयुक्त ने अधिशासी अधिकारी को दीर्घकालिक रणनीति के तहत कार्य करने का निर्देश दिया। एडीएम देवीदयाल वर्मा ने आयुक्त को राहत सामग्री वितरण, सामुदायिक रसोई , बाढ़ शरणालय संबंधी जानकारी दी। बैठक में बाढ़ खण्ड विभाग को महादेवा सालिकपुर बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के लिए आगणन बनाकर शरणालय बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी एस राजलिंगम, मुख्य विकास अधिकारी गुंजन द्विवेदी, परियोजना निदेशक जगदीश त्रिपाठी, उपायुक्त मनरेगा राकेश कुमार, आपदा विशेषज्ञ रवि राय व सभी संबंधित सभी विभागों के अधिकारी की उपस्थित रहे।

गोपाल

RELATED ARTICLES

Most Popular