फतेहपुर(हि.स.)। जिले की गंगा व उसकी सहायक पांडुनदी के बाढ़ प्रभावित गांवों का शनिवार को उपजिलाधिकारी मनीष कुमार ने तहसीलदार अमरेश सिंह नायब तहसीलदार रवि प्रजापति नायब के साथ मौके पर जाकर निरीक्षण किया। इस दौरान बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में निवास करने वाले परिवारों से बात कर बाढ़ की जानकारी ली और ग्रामीणों को जागरूक भी किया।
उपजिलाधिकारी ने प्रभावित क्षेत्रों के गांवों में चौपाल लगाई और यहां के निवासियों को बाढ़ से बचाव आदि उपायों पर जानकारी दी। ग्राम दरियापुर मजरे अभयपुर में बाढ़ चौपाल लगाई गई और लोगों को जागरूक किया गया।
उपजिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि गंगा नदी व पांडु नदी में बाढ़ की स्थिति पर बराबर निगाह रखी जा रही है। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए बाढ़ चौकी बनाई गई है। जिसमें राजस्व कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बचाव के लिए सभी उपाय पूरे कर लिए गए हैं।
देवेन्द्र/मोहित
