बलरामपुर (हि.स.)। बाढ़ पीड़ितों के साथ प्रदेश की योगी सरकार हमेशा की तरह उनके दुख में खड़ी है। बाढ़ के बाद से तेजी के साथ प्रभावितों में राहत व आवश्यक सामग्री का वितरण किया जा रहा है। यह बातें शुक्रवार को जनपद पहुंचे समाज कल्याण विभाग के राज्यमंत्री असीम अरुण ने तुलसीपुर तहसील क्षेत्र के लौकहवा ग्राम में बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री का वितरण करते हुए कही।
मंत्री ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों को उनके पात्रता के अनुसार कृषि पट्टा, पीएम व सीएम आवास देने का निर्देश दिया गया है। बाढ़ पीड़ितों को हर संभव सहयोग का प्रयास सरकार के द्वारा किया जा रहा है। मंत्री ने बाढ़ में मृत हुए चार लोगों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि किसी के दुख को वापस नहीं किया जा सकता, लेकिन उनके परिवारों को आर्थिक मजबूती के लिए सरकार हर तरह से प्रयास कर रही है। उनके इस दुख की घड़ी में सरकार उनके साथ है। कार्यक्रम में बाढ़ के दौरान मृत हुए सुमिरता,नियाते,कोहले,लकी के परिजनों को चार लाख रुपये का चेक सहायता राशि दी।
कार्यक्रम के उपरांत मंत्री ने शक्तिपीठ मंदिर देवीपाटन पहुंचकर मां पाटेश्वरी का दर्शन पूजन किया। वहां से थारू ग्राम बेतानिया में पहुंच थारू के साथ सहभोज किया। थारुओं में वनधिकार प्रमाण पत्र का वितरण किया गया है। राज्यमंत्री इमलिया कोडर में थारु संग्रहालय व थारू जनजाति छात्रावास का अवलोकन करेंगे, इसके उपरांत जिला मुख्यालय पर समाज कल्याण विभाग के साथ समीक्षा बैठक करेंगे।
प्रभाकर
